छत्तीसगढ़

जिन निर्माण कार्यों में देरी उस पर जताई नाराजगी, संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी करने के निर्देश*

*निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग 130ए का पीडब्लूडी सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने किया निरीक्षण*

*जिन निर्माण कार्यों में देरी उस पर जताई नाराजगी, संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी करने के निर्देश*

*गुणवत्ता और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए सख्त निर्देश*

कवर्धा,  मार्च 2026/ लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने शुक्रवार को निर्माणाधीन पोड़ी-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 130ए का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य मार्ग के साथ बाईपास मार्ग का भी अवलोकन किया तथा अधिकारियों और निर्माण एजेंसी से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।

सचिव श्री बंसल ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण होना चाहिए। जिन स्थानों पर सुधार की आवश्यकता है, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता नियंत्रण के सभी मापदंडों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा प्रत्येक चरण में तकनीकी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और नियमित मॉनिटरिंग की जाए। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में पहुंचकर निरीक्षण करें और गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित करें।

फील्ड निरीक्षण से पूर्व सचिव श्री बंसल ने सर्किट हाउस कवर्धा में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा सेतु निर्माण विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें उन्होंने जिले में चल रहे भवन, सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में लंबे समय से प्रगति नहीं हुई है अथवा कार्य प्रारंभ करने में अनावश्यक देरी हो रही है, उन मामलों में संबंधित एजेंसियों एवं जिम्मेदार पक्षों को नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में स्पष्ट रूप से कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सचिव श्री बंसल ने अधिकारियों से कहा कि जहां सड़क निर्माण या अन्य विकास कार्य प्रस्तावित हैं, वहां संबंधित अधिकारी पहले स्थल का निरीक्षण कर तकनीकी जांच व अन्य सभी आवश्यक पहलुओं का परीक्षण करने के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करें। यदि किसी निर्माण कार्य में तकनीकी बाधा, स्थल संबंधी समस्या अथवा अन्य कठिनाई आ रही हो तो उसकी जानकारी तत्काल वरिष्ठ स्तर पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय पर निराकरण कर कार्यों की प्रगति प्रभावित न हो।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा, प्रमुख अभियंता श्री व्ही.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता श्री नागेश जयंत, राष्ट्रीय राजमार्ग के मुख्य अभियंता श्री ज्ञानेश्वर कश्यप, कार्यपालन अभियंता श्री रंजीत घाडगे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button