नारायणपुर : नारायणपुर जिले में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए कलेक्टर नम्रता जैन और जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो उनके घर पहुंचीं. इस दौरान टॉपर्स को मिठाई खिलाकर, पुस्तक भेंटकर सम्मानित किया गया.साथ ही साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इसके बाद कलेक्टर के विशेष आमंत्रण पर 10वीं एवं 12वीं के टॉप टेन छात्र-छात्राएं जिला कलेक्टोरेट पहुंचे,जहां उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित किया गया और मिठाई खिलाकर बधाई दी गई.
कलेक्टर ने हाथों से खिलाई मिठाई
कक्षा 10वीं में विश्वदीप्ति हाईस्कूल की छात्रा भाविका देवांगन ने 94.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया. कलेक्टर ने भाविका की लगन और मेहनत की सराहना करते हुए उसे मिठाई खिलाकर सम्मानित किया. भाविका ने आगे चलकर प्रोफेसर बनने की इच्छा जताई, जिस पर कलेक्टर ने उसे निरंतर प्रयास और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी. इस उपलब्धि पर भाविका के माता-पिता भी बेहद भावुक और गौरवान्वित नजर आए.
मैं शुरु से ही समय निर्धारित करके पढ़ाई करती थी.परिवार में पढ़ाई का अच्छा माहौल रहा है,पढ़ाई करने के लिए सभी मोटिवेट करते थे –भाविका देवांगन,10वीं टॉपर
वहीं कक्षा 12वीं में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नारायणपुर की छात्रा मुस्कान पटेल ने 92.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया. कलेक्टर ने उसके इस लक्ष्य की सराहना करते हुए उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.मेरी सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों के सहयोग को है. मैंने दिन-रात मेहनत कर यह मुकाम हासिल किया है. मेरा सपना डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना है- मुस्कान पटेल,12वीं टॉपरकक्षा 12वीं में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल, सिंगोड़ीतरई की छात्रा मोक्षिता कश्यप ने 88.60 प्रतिशत अंक अर्जित किए. मोक्षिता ने चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का लक्ष्य रखा है, जिस पर कलेक्टर ने उसे निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी.
कलेक्टोरेट में छात्रों को बुलाकर किया सम्मानित
कलेक्टर नम्रता जैन के विशेष आमंत्रण पर 10वीं एवं 12वीं के जिले के टॉप-10 कुल 23 मेधावी विद्यार्थियों को विशेष आमंत्रण पर बुलाया गया. यहां कलेक्टर ने सभी छात्रों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनसे संवाद कर उनके लक्ष्य और तैयारी के बारे में जानकारी ली.
समय का सही उपयोग और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है.जो छात्र अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हैं, वे जीवन में निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करते हैं. नारायणपुर जिला पिछले साल 19वें स्थान पर रहा था.लेकिन इस बार परिणामों के मामले में 12वें नंबर पर है जो काफी बेहतर तैयारी और परिणाम को दर्शाता है- नम्रता जैन,कलेक्टर
नारायणपुर में जिला प्रशासन की यह पहल न केवल मेधावी छात्रों के लिए सम्मान का क्षण बनी, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत साबित हुई. कलेक्टर द्वारा घर-घर जाकर सम्मानित करना यह दर्शाता है कि मेहनत और लगन से हासिल की गई सफलता को समाज और प्रशासन दोनों ही महत्व देते हैं, जो जिले के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सकारात्मक संकेत है. कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी अशोक पटेल, विद्यार्थियों के परिजन और स्कूल के शिक्षक भी उपस्थित रहे.





