कोरबा। जिले में खाद्य विभाग द्वारा की गई आकस्मिक जांच के दौरान अवैध रूप से गैस सिलेंडरों के भंडारण के दो मामले उजागर हुए हैं। विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए अलग अलग जगहों से कुल 20 गैस सिलेंडरों को जब्त किया है। ग्राम पंचायत फरसवानी में 9 तथा ग्राम पंचायत बीरतराई में 11 सिलेंडर जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत फरसवानी स्थित सोनी टेंट हाउस में निरीक्षण के दौरान 8 घरेलू एलपीजी सिलेंडर तथा 1 वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर अनधिकृत रूप से संग्रहित मिला। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी 9 सिलेंडरों को जब्त कर उमरेली इंडेन गैस वितरक की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया।
इसी प्रकार, विकासखंड करतला के ग्राम पंचायत बीरतराई में श्री संजय कुमार साहू के निवास पर की गई जांच में 11 घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से संग्रहित पाए गए। संबंधित व्यक्ति द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सभी सिलेंडरों को जब्त कर समीपस्थ एच.पी. उरगा गैस वितरक की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का अनधिकृत भंडारण दंडनीय अपराध है। विभाग द्वारा इस प्रकार की अनियमितताओं पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा इस मामले में संलिप्त लोगों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
The post कोरबा में खाद्य विभाग की कार्रवाई, अवैध रूप से भंडारित 20 गैस सिलेण्डर जब्त appeared first on ShreeKanchanpath.




