रायपुर। नेशनल हाईवे-53 पर रायपुर और दुर्ग को जोड़ने वाले कुम्हारी (खारुन नदी) पुल पर 1 अप्रैल से मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। करीब एक महीने तक चलने वाले इस मेंटेनेंस कार्य के दौरान इस मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहेगा। इस दौरान पुल के एक ओर से वन वे आवाजाही होगी। मेंटेनेंस पूरा होने तक एक ओर से दोनों ओर के वाहनों की आवाजाही रहेगी।

ट्रैफिक पुलिस ने एडवायजरी जारी करते हुए कहा है कि यदि आप एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, अस्पताल या किसी परीक्षा के लिए इस रास्ते का उपयोग कर रहे हैं, तो अपने सामान्य समय से कम से कम एक घंटा पहले घर से निकलें। यदि आप जाम में फंसते भी है तो अतिरिक्त समय होने के कारण समय पर पहुंच सकते हैं।
जाम से बचने के लिए ‘वैकल्पिक मार्ग’ (डायवर्जन)
नया रायपुर व एयरपोर्ट जाने के लिए भिलाई-दुर्ग से आने वाले यात्री सेलूद-पाटन-अभनपुर मार्ग का उपयोग करें। भिलाई-दुर्ग से रायपुर आने वाले जाम से बचने के लिए सेलूद-फूंडा-जामगांव-अमलेश्वर वाला रास्ता बेहतर होगा। चरोदा व भिलाई-3 के रहवासी सिरसा गेट-मोतीपुर-अमलेश्वर मार्ग से होते हुए रायपुर में प्रवेश कर सकते हैं। कार व बाइक चालक रायपुर से दुर्ग जाते समय चंदनीडीह से बाएं मुड़कर पुराने रपटे (पुल) या भाठागांव-अमलेश्वर मार्ग का उपयोग करें।
The post एक माह के लिए बंद रहेगा खारुन ब्रिज, वन वे होगी आवाजाही…. ट्रैफिक पुलिस की एडवायजरी appeared first on ShreeKanchanpath.




