गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को असम में ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन किया। चुनावी साल में पीएम मोदी असम के दौरे पर हैं और इस दौरान सौगातों की झड़ी लग रही है। इससे पहले सुबह असम के डिब्रुगढ़ में बायपास सड़क पर आपात लैंडिंग का भी शुभारंभ किया। पीएम मोदी स्वयं ही भारतीय वायूसेना के विमान से एयर स्ट्रीप पर सफल लैंडिंग की।
ब्रह्मपुत्र नदी पर बना यह पुल गुवाहाटी को नॉर्थ गुवाहाटी से जोड़ता है और पूर्वोत्तर भारत का पहला एक्स्ट्राडोज्ड पुल है। यह 6-लेन का आधुनिक पुल करीब 3,030 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया है। इसके बनने से गुवाहाटी और नॉर्थ गुवाहाटी के बीच यात्रा समय घटकर सिर्फ 7 मिनट रह जाएगा, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
विशेष तकनीक से बनाया गया है पुल
असम भूकंप संभावित क्षेत्र है और इसे देखते हुए पुल को खास तकनीक से बनाया गया है। इसमें ‘बेस आइसोलेशन टेक्नोलॉजी’ का इस्तेमाल किया गया है, जो भूकंप के झटकों को कम करने में मदद करती है। इतना ही नहीं मजबूत और टिकाऊ रहने के लिए इसमें हाई-परफॉर्मेंस केबल्स लगाए गए हैं। इसके साथ ही पुल में ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम (बीएचएमएस) भी लगाया गया है। यह सिस्टम पुल की स्थिति पर नजर रखेगा, किसी भी नुकसान का पहले से पता लगाएगा और सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। यह पुल न केवल यातायात को आसान बनाएगा, बल्कि क्षेत्र के विकास और कनेक्टिविटी को भी नई गति देगा।
The post चुनावी साल में असम को बड़ी सौगात, पीएम मोदी ने ब्रह्मपुत्र पर 6-लेन पुल का किया उद्घाटन appeared first on ShreeKanchanpath.




