Blog

जादू-टोना के शक में ग्रामीण की हत्या, खेत में गाड़ दिया शव, एक सप्ताह बाद खुला राज

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में जादू टोना के शव में ग्रामीण की हत्या कर शव को खेत में गाड़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला गादीरास थाना क्षेत्र के ग्राम उच्चारास का है। घटना के लगभग एक सप्ताह बाद राज खुला। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार दिसंबर माह में उच्चारास गांव में एक बच्चे की मौत हो गई थी। मृत बच्चे का नाम गंगा बताया गया है। परिजनों को शक था कि सोढ़ी देवा द्वारा जादू-टोना किए जाने के कारण बच्चे की मौत हुई है। 23 जनवरी को बच्चे के क्रियाकर्म के दौरान इस विषय पर चर्चा और तेज हो गई। ग्रामीणों के बीच यह धारणा बन गई कि गांव में हो रही तमाम अनहोनी घटनाओं के पीछे सोढ़ी देवा का जादू-टोना जिम्मेदार है।

इसी अंधविश्वास के चलते मृत बच्चे के परिवार के चार सदस्यों ने मिलकर सोढ़ी देवा की हत्या कर दी और शव को गांव के पास स्थित खेत में गाड़ दिया। मामले में 31 जनवरी को पीड़ित पक्ष की शिकायत पर गादीरास थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की गई और हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।गादीरास थाना क्षेत्र के ग्राम कयारास निवासी चार आरोपियों में कोसा सोढ़ी उम्र 42 वर्ष, डूंगा सोढ़ी उम्र 38 वर्ष, नंदलाल करटामी उम्र 36 वर्ष और डुला सोढ़ी उम्र 25 वर्ष शामिल हैं। इनके खिलाफ थाना गादीरास जिला सुकमा में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को 14 फरवरी 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

The post जादू-टोना के शक में ग्रामीण की हत्या, खेत में गाड़ दिया शव, एक सप्ताह बाद खुला राज appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button