छत्तीसगढ़

नए नाम से जाना जाएगा खैरागढ़ इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, राज्यपाल ने की घोषणा

खैरागढ़: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के लिए बुधवार 28 जनवरी का दिन अहम साबित हुआ. यूनिवर्सिटी के 17वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने अहम ऐलान किया. उन्होंने कहा कि अब इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय को राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के नाम से जाना जाएगा.

खैरागढ़ कला संगीत यूनिवर्सिटी में दीक्षांत समारोह

चार वर्षों के बाद खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में 17वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया. इस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका शामिल हुए. उनके अलावा समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा, धरसीवा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा और खैरागढ़ राजपरिवार के महाराज आर्यव्रत सिंह मौजूद रहे. सभी छात्रों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के नाम परिवर्तन की घोषणा की.

अब इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय को राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के तौर पर जाना जाएगा. नाम परिवर्तन से संबंधित सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर ली जाएगी- रमेन डेका, राज्यपाल, छत्तीसगढ़

राजकुमारी इंदिरा सिंह को राज्यपाल ने किया नमन

राज्यपाल रमेन डेका ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि राजकुमारी इंदिरा सिंह संगीत प्रेमी थीं और उनका निधन कम उम्र में हो गया. उनकी याद में खैरागढ़ के तत्कालीन राजा ने अपना राजमहल दान कर इस कला संगीत विश्वविद्यालय की स्थापना करवाई थी. उस समय यह एशिया का एकमात्र ऐसा विश्वविद्यालय था जहां कला और संगीत की विधिवत उच्च शिक्षा दी जाती थी.

विश्वविद्यालय के नाम में राजकुमारी इंदिरा सिंह का नाम जुड़ना उसके ऐतिहासिक सांस्कृतिक और भावनात्मक मूल्यों को और अधिक मजबूत करेगा. आज भी यह विश्वविद्यालय भारतीय शास्त्रीय संगीत नृत्य और कला के क्षेत्र में देश विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है- रमेन डेका, राज्यपाल, छत्तीसगढ़

दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को बांटी गई डिग्रियां

राज्यपाल रमेन डेका ने दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय से अध्ययन पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की. कुल 232 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक, 4 को रजत पदक और 64 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री दी गई. डिग्री और मेडल पाकर छात्र और छात्राएं बेहद उत्साहित दिखे.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button