UPSC में हासिल की ऑल इंडिया रैंक 6
दिल्ली की रहने वाली सृष्टि डबास ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2023 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 6 हासिल की. यह उपलब्धि उनके लिए आसान नहीं थी, बल्कि इसके पीछे सालों की मेहनत, लगातार प्रयास और मानसिक मजबूती छिपी हुई है. उन्होंने यह साबित कर दिया कि सही रणनीति और मजबूत इरादों के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.
दिल्ली से की पढ़ाई, देखा देश सेवा का सपना
सृष्टि ने अपनी स्कूली शिक्षा और ग्रेजुएशन की पढ़ाई दिल्ली से ही पूरी की है. पढ़ाई के दौरान ही उनके मन में देश और समाज के लिए कुछ करने की इच्छा पैदा हो गई थी. यही सोच उन्हें सिविल सेवा की ओर ले गई. हालांकि, इस सफर में उन्होंने सिर्फ पढ़ाई पर ही नहीं, बल्कि प्रोफेशनल अनुभव पर भी ध्यान दिया
सामाजिक न्याय मंत्रालय और RBI में भी किया काम
ग्रेजुएशन के बाद सृष्टि ने सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में काम किया, जहां उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था को नजदीक से समझने का मौका मिला. इसके बाद उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), मुंबई में नौकरी की. RBI में वह HR डिपार्टमेंट से जुड़ी थीं और कर्मचारियों के अप्रेजल से संबंधित जिम्मेदारियां संभालती थीं.
नौकरी के साथ शुरू की UPSC की तैयारी
नौकरी के दौरान ही सृष्टि ने सिविल सेवा परीक्षा देने का फैसला किया. वह दिन में ऑफिस का काम संभालती थीं और रात में UPSC की तैयारी करती थीं. सीमित समय के बावजूद उन्होंने सेल्फ स्टडी पर भरोसा किया और अनुशासन के साथ पढ़ाई जारी रखी. उनकी यह रणनीति रंग लाई और पहले ही प्रयास में उन्होंने UPSC परीक्षा पास कर ली
पहले प्रयास में IAS बनने का सपना पूरा
सृष्टि डबास ने पहले ही प्रयास में UPSC सिविल सेवा परीक्षा पास कर ली और ऑल इंडिया रैंक 6 के साथ टॉप रैंकर्स में अपनी जगह बना ली. उनकी सफलता यह साबित करती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत लगातार की जाए, तो नौकरी के साथ भी सिविल सेवा की तैयारी की जा सकती है





