बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के बंदेपारा व नीलमड़गु के मध्य जंगल क्षेत्र में सुरक्षाबलों द्वारा संचालित सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों के छिपाए गए 16 प्रेशर आईईडी बरामद किए। ये आईईडी बीयर की बोतलों में लगाए गए थे और इन्हें बीडीएस टीम ने मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार 24 जनवरी को डीआरजी बीजापुर, थाना मद्देड़ और केरिपु 22वीं बटालियन की संयुक्त टीम जंगल क्षेत्र में नियमित सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। बंदेपारा–नीलमड़गु पगडंडी मार्ग पर बलों ने संदिग्ध गतिविधियों के बाद क्षेत्र की गहन तलाशी ली गई। इसी दौरान माओवादियों द्वारा बीयर की बोतलों में लगाकर छिपाए गए 16 प्रेशर आईईडी मिले। सभी बरामद आईईडी को मौके पर ही बीडीएस टीम ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। सर्चिंग अभियान के अगले चरण में बलों ने जंगल की जमीन में खोदकर छिपाए गए स्टील कंटेनर और प्लास्टिक बाल्टी भी बरामद कीं, जिनमें भारी मात्रा में विस्फोटक और माओवादी सामग्री छुपाई गई थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इतनी बड़ी मात्रा में बरामद विस्फोटक इस बात का संकेत है कि माओवादी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से संभावित खतरे को टाल दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि माओवादी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। सुरक्षा बलों का कहना है कि जंगल क्षेत्रों में माओवादियों की हर गतिविधि पर कड़ी नजर है और उन्हें किसी भी तरह की हिंसक वारदात को अंजाम देने का मौका नहीं दिया जाएगा।
बरामद सामान
जिलेटिन स्टिक – 784 नग (करीब 100 किलोग्राम), कार्डेक्स वायर – 3 बंडल, काली वर्दी का कपड़ा – लगभग 350 मीटर, गन पाउडर – 1 किलोग्राम, वॉकी-टॉकी, चार्जर – 4 नग, बैटरी – 4 नग, मोबाइल चार्जर – 2 नग, माओवादी साहित्य, वर्दी, पिट्ठू बैग और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री।
The post सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, बीजापुर में 16 प्रेशर आईईडी और नक्सली सामग्री बरामद appeared first on ShreeKanchanpath.


