बलरामपुर-रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देशन पर धान के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शासन के निर्देशानुसार अवैध धान परिवहन और भंडारण में संलिप्त कोचियों व बिचौलियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अनुविभाग वाड्रफनगर क्षेत्र में गत मध्यरात्रि एक बड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें गिरवानी मार्ग से उत्तर प्रदेश की ओर अवैध रूप से धान का परिवहन कर रहा एक ट्रक पकड़ा गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक में लगभग 750 बोरी धान लदी थी, जिसे बिना किसी वैध दस्तावेज के ले जाया जा रहा था। मध्यरात्रि बैरियर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों द्वारा ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, तो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इसकी सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नीर निधि नंदेहा के निर्देशन में तहसीलदार वाड्रफनगर, तहसीलदार रघुनाथनगर, नायब तहसीलदार और पुलिस बल की संयुक्त टीम गठित की गई। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने रात में ही सघन सर्च अभियान चलाया। करीब 25 किलोमीटर क्षेत्र में विभिन्न मार्गों और गांवों में गहन जांच की गई। लगातार प्रयासों के बाद पेंडारी क्षेत्र में अवैध धान से लदा ट्रक पकड़ लिया गया। इस ट्रक को आगे की कार्रवाई के लिए वाड्रफनगर थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। बैरियरों पर नियमित जांच की जा रही है और भविष्य में भी इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अवैध धान परिवहन या भंडारण की जानकारी तुरंत देने की अपील की है, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
The post प्रशासन की बड़ी कार्रवाई : आधी रात 25 किमी पीछा कर पकड़ा धान से लदा ट्रक, 750 बोरी जब्त appeared first on ShreeKanchanpath.



