छत्तीसगढ़

प्रतिमाह एक हज़ार मिलने से दैनिक जीवन में बढ़ाई सहजता और आत्मविश्वास

*महतारी वंदन योजना से श्रीमती निशा साहू को हर महीने मिल रहा आर्थिक सहारा*

*प्रतिमाह एक हज़ार मिलने से दैनिक जीवन में बढ़ाई सहजता और आत्मविश्वास*

कवर्धा

दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए चलाई जा रही महतारी वंदन योजना अब ग्रामीण महिलाओं की जिंदगी में वास्तविक बदलाव ला रही है। सरकार की प्रतिबद्धता और लगातार प्रयासों का परिणाम है कि आज प्रदेशभर में लाखों महिलाएँ हर महीने सीधे अपने बैंक खाते में 1 हजार रुपए प्राप्त कर रही हैं। यह योजना महिलाओं को मजबूत बनाने की दिशा में सरकार की एक बड़ी और प्रभावी पहल साबित हुई है।
कबीरधाम जिले के ग्राम मझगांव की श्रीमती निशा साहू इस योजना की लाभार्थी हैं। वे बताती हैं कि उनके खाते में हर महीने नियमित रूप से 1 हजार रुपए की राशि जमा होती है। अब तक उन्हें 21 किस्तों में कुल 21 हजार रुपए का लाभ मिल चुका है। निशा साहू बताती है कि पहले तो एक रुपया भी अपने पास नहीं होता था। हर छोटी-बड़ी जरूरत के लिए घर के मुखिया पर ही निर्भर रहना पड़ता था। तब समझ आता था कि एक रुपये का भी कितना महत्व होता है। लेकिन अब हर महीने सरकार बिना किसी परेशानी के पैसा खाते में भेज रही है। इससे मैं रोजमर्रा की कई ज़रूरतें खुद पूरी कर पा रही हूँ। वे बताती हैं कि बढ़ती महंगाई के बीच 1 हजार रुपए की राशि भी कई जरूरी चीजें खरीदने में मददगार होती है। बच्चों के लिए खाने-पीने का सामान, छोटे-छोटे घरेलू खर्च, स्कूल की जरूरतें-सब कुछ अब वे बिना झिझक और बिना किसी से पैसे मांगे खुद कर पा रही हैं। महतारी वंदन योजना ने न सिर्फ आर्थिक रूप से बल्कि आत्मविश्वास के स्तर को भी पहले से ज्यादा मजबूत बनाया है। आज वे अपने घर की छोटी-छोटी जरूरतें पूरी करने में सक्षम हैं और स्वयं को अधिक सशक्त महसूस करती हैं।
श्रीमती निशा साहू राज्य शासन की इस पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहती है कि यह योजना महिलाओं के आत्मबल को बढ़ाने वाली और परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने वाली साबित हो रही है। महतारी वंदन योजना सच में प्रदेश की महिलाओं के जीवन में नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता की किरण बनकर आई है। एक समय था जब हर रुपये के लिए सोचना पड़ता था, अब वही महिलाएँ आत्मविश्वास के साथ अपने घर की ज़रूरतें पूरी कर रही हैं।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button