सावित्रिपुर विद्यालय में प्रथम पुण्यतिथि पर विद्यार्थियों के लिए न्योता भोज का आयोजन…
सांकरा जोंक, प्राथमिक विद्यालय सावित्रीपुर के प्रधानपाठक श्री महेंद्र तांडी ने अपनी माता स्वर्गीय श्रीमती भगवती तांडी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आज विद्यालय परिसर में न्योता भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर सावित्रिपुर परिसर के कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा स्टाफ को आमंत्रित किया गया।
विद्यार्थियों ने दिवंगत माताजी को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया और तांडी परिवार की इस सामाजिक एवं संस्कारित पहल की सराहना की। इसके पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा बच्चों को स्नेहपूर्वक भोजन परोसा गया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, सौहार्द और सहभागिता का वातावरण बना रहा।
प्रधानपाठक श्री महेंद्र तांडी ने कहा कि, “मां के संस्कारों और उनके आशीर्वाद ने ही मुझे सदैव समाजसेवा और बच्चों के हित में काम करने की प्रेरणा दी है। आज का आयोजन उन्हीं मूल्यों को विद्यार्थियों के बीच बाँटने का एक प्रयास है।”
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ व्याख्याता श्री निर्मल साहू ने कहा कि,
“ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक मूल्यों और आपसी सहयोग की भावना से जोड़ते हैं। विद्यालय में इस प्रकार का सकारात्मक वातावरण बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।”
उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियाँ निरंतर संचालित की जाएँगी, जिससे विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और चरित्र निर्माण की मजबूत नींव रखी जा सके।
कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे और सभी ने तांडी परिवार के इस प्रेरक आयोजन की प्रशंसा की।




