जशपुर में पत्नी ने दिया खौफनाक हत्याकांड को अंजाम, आरोपिया की तलाश में जुटी पुलिस
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुंबई से लौटी पत्नी ने अपने पति की हत्या की और सूटकेस में लाश को भरकर फरार हो गई। जाने से पहले उसने अपनी बेटी को फोनकर अपने पति की हत्या की जानकारी भी दी। बेटी जब अपने पिता के घर पहुंची और लाश देखने के बाद अपने बड़े पिता को जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपिया की तलाश में जुट गई है। मामला जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र क भिंजपुर गांव का है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को विनोद मिंज निवासी ग्राम भिंजपुर, ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह खेती किसानी का काम करता है। उसने बताया कि उसके छोटे भाई संतोष भगत की उसकी पत्नी ने हत्या कर दी। हत्या के बाद उसकी लाश का सूटकेस में भरकर छोड़कर फरार हो गई। सूचना के बाद दुलदुला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपिया की तलाश शुरू कर दी है।
मुंबई में रहती थी पत्नी, अक्सर होता था विवाद
पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपिया मुंबई में काम करती थी व बीच बीच में गांव आती रहती थी, अभी कुछ दिन पूर्व ही वह गांव लौटी थी। 7 नवंबर को पति -पत्नी में किसी बात को लेकर वाद विवाद हो रहा था, इसी दौरान आरोपिया के द्वारा अपनी मंझली बेटी जो कि कोरबा में रहती है को फोन भी किया था। बेटी ने उक्त बात को गौर नहीं किया गया। इसके दूसरे दिन आरोपिया ने अपनी मंझली बेटी को फोन कर बताया कि उसने उसके पिता की हत्या कर दी है। शव को कम्बल से ढंककर उसे सूटकेस में भर दिया है। इसके बाद वह जशपुर पहुंची और अपने बड़े पिताजी प्रार्थी विनोद मिंज को मामले के संबंध में बताई।

आरोपिया की तलाश में जशपुर पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए ग्राम भिंजपुर रवाना किया गया, जहां मृतक संतोष भगत के घर की तलाशी लेने परएक बड़ा गहरे लाल रंग का ट्रॉली सूटकेस बैग मिला। जिसे कि गवाहों के समक्ष खोलने पर उसमें मृतक संतोष भगत का शव मिला। शव का पंचनामा करते हुए, शव का डॉक्टर से पोस्ट मार्टम कराया गया है। एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है, आरोपिया की सरगर्मी से, तलाश की जा रही है, तलाश हेतु पुलिस टीम महाराष्ट्र रवाना की गई है, गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
The post CG Breaking : मुंबई से लौटकर पति को उतारा मौत के घाट, लाश को सूटकेस में भरकर फरार हुई पत्नी appeared first on ShreeKanchanpath.



