सेहत

पाचन को दुरुस्त करने में सिंघाड़ा कैसे करता है असर, रोज़ खाने से बॉडी को कौन-कौन से होते हैं फायदे, जानिए

सिंघाड़ा सर्दियों में पाया जाने वाला एक ऐसा फल है जो पोषक तत्वों का खजाना है। इस फल को लोग कच्चा और सुखाकर पूरे साल सेवन करते हैं। सिंघाड़ा पोषक तत्वों का समृद्ध स्रोत है और शरीर में जरूरी मिनरल्स और विटामिन की कमी को पूरा करता है। 100 ग्राम सिंघाड़ा में लगभग 131 कैलोरी, 1.4 ग्राम फैट, 0.3 ग्राम संतृप्त वसा, 0 मिलीग्राम कोलेस्ट्रॉल, 27 मिलीग्राम सोडियम, 715 मिलीग्राम पोटैशियम, 28 ग्राम कार्बोहाइड्रेट और 2 ग्राम प्रोटीन मौजूद होते हैं। साथ ही इसमें विटामिन C, कैल्शियम, आयरन, विटामिन D, विटामिन B6, कोबालामिन और मैग्नीशियम भी होता हैं जो सेहत को बहुत फायदा पहुंचाता है।सिंघाड़ा एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है, जो फ्री रेडिकल्स से बचाव करता है। इसका नियमित सेवन करने से शरीर की कमजोरी दूर होती है। ये फल इम्यूनिटी मजबूत बनाता है और शरीर को ताकत देता है। आदर्श आयुर्वेदिक फार्मेसी, हरिद्वार के डॉक्टर दीपक कुमार के अनुसार सिंघाड़ा हेल्थ और एनर्जी बढ़ाने के लिए सर्दियों में आदर्श फल है। सिंघाड़ा प्रोटीन और मिनरल्स से भरपूर होता है, जिससे शरीर को ऊर्जा और मजबूती मिलती है। विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट गुणों के कारण ये शरीर की इम्यूनिटी को बढ़ाता है। आइए जानते हैं कि सर्दी में रोज सिंघाड़ा का सेवन करने से सेहत पर कैसा होता है असर।

पाचन में होता है सुधार

सिंघाड़ा का सेवन करने से पाचन में सुधार होता है। इसमें फाइबर की मात्रा अच्छी होती है, जो पाचन तंत्र को दुरुस्त रखती है और कब्ज की समस्या कम करती है। जिन लोगों को क्रॉनिक कब्ज की बीमारी है वो रोज सिंघाड़ा का सेवन करें। सर्दी में कब्ज का बेहतरीन इलाज है ये फल।  इसके सेवन से भोजन आसानी से पचता है और पोषक तत्व शरीर में अच्छी तरह अवशोषित होते हैं।

शरीर की ताकत बढ़ाता है सिंघाड़ा

सिंघाड़ा प्रोटीन और मिनरल्स से भरपूर होता है, जो मांसपेशियों को मजबूती और शरीर को एनर्जी देता है। सर्दियों में शरीर ठंड और कमजोरी महसूस करता है, ऐसे में सिंघाड़े का सेवन शरीर को ताकत देता है और थकान कम करता है। यह विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों के लिए फायदेमंद है, क्योंकि यह शरीर को नेचुरल एनर्जी देता है।

इम्यूनिटी मजबूत करता है

सिंघाड़ा में विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं, जो शरीर की इम्यूनिटी को बढ़ाता हैं। सर्दियों में संक्रमण और सर्दी-जुकाम के खतरे बढ़ जाते हैं, ऐसे में नियमित सेवन से इम्यून सिस्टम मजबूत रहता है और शरीर बीमारियों से लड़ने में सक्षम होता है।

हड्डियां और दांत होते हैं मजबूत

सिंघाड़ा कैल्शियम और मैग्नीशियम का अच्छा स्रोत है, जो हड्डियों और दांतों की मजबूती के लिए आवश्यक हैं। सर्दियों में शरीर के जोड़ों और हड्डियों में कमजोरी और दर्द की समस्या ज्यादा होती है ऐसे में नियमित सेवन से हड्डियों की संरचना मजबूत रहती है और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं का खतरा कम होता है।

दिल की सेहत में होता है सुधार

सिंघाड़ा में पोटैशियम अधिक और फैट कम होता है, जो हृदय के लिए फायदेमंद है। यह ब्लड प्रेशर को संतुलित रखता है और दिल के रोगों के जोखिम को कम करता है। सर्दियों में रक्त संचार धीमा हो सकता है, लेकिन सिंघाड़ा रक्त प्रवाह को बेहतर बनाए रखता है। इसके सेवन से दिल हेल्दी रहता है और हृदय संबंधी समस्याओं की संभावना घटती है।

उबालकर सुखाकर या कच्चा खाएं सिंघाड़ा

सिंघाड़ा सर्दियों में बेहद फायदेमंद फल है। इसे आप कच्चा खा सकते हैं या उबालकर सुखाकर सेवन कर सकते हैं। कच्चा सिंघाड़ा शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है और पाचन को बेहतर बनाता है। उबालकर सुखाया सिंघाड़ा लंबे समय तक सुरक्षित रहता है और इसका आटा फास्ट या रोटियों में इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स भरपूर होते हैं, जो शरीर की ताकत, इम्यूनिटी और हड्डियों को मजबूत बनाते हैं।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button