भिलाई। मरोदा क्षेत्र के एक रेडिमेड कपड़े की दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। रात को दुकान बंद होने व दूसरे दिन सुबह खुलने से पहले चोर घुसा और हजारों रुपए के जीन्स-टी शर्ट, ट्राउजर व शर्ट सहित अन्य कपड़े चुराकर भाग गया। दूसरे दिन जब दुकान संचालक पहुंचा तो चोरी का पता चला। इस मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने पता तलाश शुरू की। चोर ने एक गलती कर दी कि चोरी केउ कपड़े पहनकर घूमने लगा। इसके बाद पुलिस उसके पास पहुंची और उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 55 हजार रुपए के कपड़े बरामद किए गए।
मिली जानकारी के अनुसार मरोदा सेक्टर निवासी केशव राम (64) ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 14 जून 2025 की रात 10 बजे उनका बेटा राकेश कुमार चंद्राकर ने दुकान को बंद कर घर आ गया। दूसरे दिन 15 जून 2025 की सुबह 11 बजे जब वह दुकान खोलने गया तो ताला लगा हुआ था लेकिन खोलकर अंदर गया तो देखा की सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोर दुकान की छत को खोलकर अंदर घुसा और जीन्स टी शर्ट सहित अन्य कपड़े ले गया। इस मामले में नेवई पुलिस ने धारा 331(4),305 ए बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया।

मामले की विवेचना एवं आरोपी की पतासाजी के दौरान त्रिनयन एप्प के माध्यम से शहर एवं घटना स्थल में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पतासाजी की जा रही थी। इस दौरान पता चला कि स्टेशन मरोदा निवासी करण बिरूली नया जींस व टी शर्ट पहनकर घूम रहा था। सीसी टीवी फुटेज में आए चेहरे से इसका चेहरा मिल रहा था। इसी आधार पर उसे हिरासत में लिया गया और पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले ये उस कपडे़ की दुकान में कपड़ा लेने गया था। तभी इसने प्लान बनाया कि यदि कपडों को चोरी कर बेचता है तो इसे बहुत पैसा मिल जायेगा इस कारण उसने कपड़े चोरी किए। आरोपी के निशानदेही पर चोरी की सम्पूर्ण सामग्री को विधिवत बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद शुक्ला, प्रआर सूरज पाण्डेय, आरक्षक रवि बिसाई, भूमिन्द्र वर्मा, चंदन भास्कर, राहुल कुमार साव का सराहनीय योगदान रहा ।
The post रेडिमेड शोरूम में चोरी, हजारों के जीन्स-टीशर्ट ले गया बदमाश… एक गलती से पकड़ाया चोर appeared first on ShreeKanchanpath.



