नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। यहां बुधवार को जारी मुठभेड़ में अब तक 27 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है। खास बात यह है कि इस मुठभेड़ में डेढ़ करोड़ का इनामी नक्सली बसवा राजू भी मारा गया है। बसव राजू नक्सलियों का सबसे बड़ा लीडर माना जाता है। छत्तीसगढ़ के साथ ही ओड़िशा, तेलंगाना, झारखंड व महाराष्ट्र बॉर्डर पर बसवा राजू का कंट्रोल था।

बता दें पुलिस को सूचना मिली थी कि दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर जिले की सरहद पर अबूझमाड़ के बोटेर में नक्सलियों का पोलित ब्यूरो सदस्य और नक्सल संगठन का महासचिव बसवा राजू सहित नक्सलियों के बड़े लीडर मौजूद है। इसके बाद फोर्स को रवाना किया गया। जैसे ही जवान अबूझमाड़ के बोटेर पहुंचे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया। खबर लिखे जाने तक जवानों ने 27 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। मौके से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए जाने की भी खबर है। प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने एनकाउंटर की जानकारी देते हुए बताया कि फायरिंग में 1 जवान घायल हुआ है, उसकी हालत खतरे से बाहर है।

कर्रेगुट्टा में मारे गए थे 31 नक्सली
बता दें पुलिस ने 7 दिन पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कर्रेगुट्टा ऑपरेशन की जानकारी दी थी। छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर स्थित कर्रेगुट्टा के पहाड़ों पर सुरक्षाबलों ने 24 दिनों तक चले ऑपरेशन में 31 नक्सलियों को मार गिराया था। इनमें 16 महिला और 15 पुरुष नक्सली शामिल हैं। इसके बाद बुधवार को फिर से सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बताया जा रहा है कि अभी मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है।

The post अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता : मारे गए 27 नक्सली.. 1.5 करोड़ का इनामी बसवा राजू भी ढेर appeared first on ShreeKanchanpath.