Blog

ग्रीन वैली में गार्ड की मौत, नशेड़ियों ने कार से मारी थी ठोकर, इलाज के दौरान अस्पताल में मौत

भिलाई। जुनवानी स्थित ग्रीन वैली में दो दिन पहले जिस गार्ड को नशेडियों ने कार से उड़ाया था अब उसकी मौत हो गई है। शनिवार देर रात अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। नशेड़ियों की करतूत के बाद गंभीर रूप से घायल गार्ड गनपत साहू को वेंटिलेटर पर रखा गया था। दो दिन जिंदगी की जंग लड़ने के बाद आखिर कर वह हार गया। नशेड़ियों के घमंड के कारण एक गरीब गार्ड की जान चली गई। हालांकि इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी व उसके साथियों को गिरफ्तार कर उनका पूरी कालोनी में जुलूस निकाला था।

गार्ड को ठोकर मारने वाले कार चालक का नाम सचिन सिंह है जो कि एक स्टूडेंट है। सचिन सिंह का पहले भी गार्ड गनपत से विवाद हो चुका था। 23-24 की दरमियानी रात को सचिन सिंह शराब के नशे में धुत था और अपने साथियों के साथ गेट खोल रहे गार्ड गनपत साहू को उड़ा दिया था। इसे पहले भी सचिन सिंह ने शराब के नशे में गार्ड को धमकी दी थी। उसने कहा था कि तुझे गेट सहित उड़ा दूंगा और उसने किया भी ऐसा ही। फिलहाल मुख्य आरोपी सचिन सिंह को जेल भेज दिया गया है और अब उसके खिलाफ हत्या की धारा के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जानिए क्या था मामला
दरअसल यह पूरा मामला 23-24 की दरम्यानी रात का है। गार्ड गनपत साहू देर रात चौहान ग्रीन वैली में ड्यूटी पर तैनात था। उसने रात में मेन गेट को बंद कर रखा था। इसी दौरान, आरोपी सचिन सिंह राजपूत अपनी कार सीजी 07 बीजे 8877 से रात 1 बजे आया। उसे देखकर गार्ड ने रोकने की कोशिश की। ये बात सचिन सिंह को काफी बुरी लगी। वह चिल्लाते हुए गार्ड को धमकी दी थी। इसके बाद सचिन सिंह अपने दोस्तों के साथ कार में नशे की हालत में देर रात 1:45 बजे फिर वापस पहुंचा। इस दौरान कार को जुनवानी की ओर से चौहान ग्रीन वैली के अंदर की ओर आते देख गार्ड ने गेट को खोलने की कोशिश की, लेकिन सचिन ने गेट खुलने का इंतजार नहीं किया। उसी रफ्तार में गेट को तोड़ते हुए गार्ड को चपेट में ले लिया और अंदर चला गया। CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि लोहे का गेट गनपत साहू की छाती में लगा। इस ठोकर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत काफी गंभीर थी।

पुलिस के साथ भी की थी हुज्जत
घटलना के बाद जब पुलिस देर रात सचिन सिंह को गिरफ्तार करने पहुंची वह कमरे में दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। सचिन सिंह के साथ वहां अभिषेक मलागार, आदित्य मिश्रा, राहुल तिवारी, राहुल साहू, रियांशु ठाकुर, मेहुल गुप्ता के साथ दो लड़कियां श्रृष्टि शर्मा और मनीषा सिंह भी शराब खोरी कर रही थी। पुलिस ने सचिन को गिरफ्तार करने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस से ही हुज्जतबाजी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने सचिन सिंह और उसके सभी साथियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद सभी का कॉलोनी में जुलूस भी निकाला गया।

The post ग्रीन वैली में गार्ड की मौत, नशेड़ियों ने कार से मारी थी ठोकर, इलाज के दौरान अस्पताल में मौत appeared first on ShreeKanchanpath.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button