नई दिल्ली। दिल्ली एनसीआर में इस वक्त ठंड लगभग खत्म सी हो गई है। महीना जनवरी का चल रहा है, लेकिन लोगों को मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी महसूस हो रही है। बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री दर्ज किया गया। ये इस सीजन के सामान्य तापमान से 1.8 डिग्री अधिक है।मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी, दिल्ली एनसीआर और उत्तरी राजस्थान में 23 जनवरी को बारिश की संभावना जाहिर की है। बुधवार की सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के लगभग था।
पश्चिमी विक्षोभ है जिम्मेदार
वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने कहा कि तापमान में हो रही इस वृद्धि की वजह एक तेज पश्चिमी विक्षोभ का आना और दक्षिणी हवाओं का दिल्ली तक पहुंचना है। वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, बंगाल और उड़ीसा में घना कोहरा देखने को मिल सकता है।तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स पूअर कैटेगरी में बना हुआ है। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के मुताबिक, सुबह 9 बजे दिल्ली का एक्यूआई 262 दर्ज किया गया।
लगातार बढ़ रहा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली एनसीआर का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास बना रहेगा। बता दें कि 19 जनवरी को शहर का अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले 6 साल में यह जनवरी का सबसे गर्म दिन रहा।इसके पहले 21 जनवरी 2019 को दिल्ली का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।