भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैम्प 2 के बैंकुंठ धाम में एक कैटरिंग सेंटर में शुक्रवार को एक के बाद एक 6 सिलेंडर फट गए। सिलेंडर के धमाकों से पूरा एरिया दहल गया। हादसे में किसी की जान तो नहीं गई लेकिन केटरिंग संचालक को लाखों का नुकसान हो गया। ब्लास्ट के बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मिली जानकारी के अनुसार सिलेंडर ब्लास्ट की यह घटना जेपी चौक बेकुटधाम कैंप-2 स्थित महादेव केटरर्स की दुकान की है। कैटरिंग दुकान के अंदर कुल 10 सिलेंडर थे, जिनमें से 6 सिलेंडर फट गए। हादसे के समय दुकान में कर्मचारी भी थे लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। सिलेंडर फटने के बाद आग लग गई। आनन फानन में फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद छावनी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
केटरिंग संचालक गौरव केसरवानी ने बताया कि दिल्ली से कैटरिंग का सामान मंगवाया था, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपए से अधिक है। हादसे में सारा सामान जल गया है। इधर सिलेंडर कैसे फटे इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। छावनी पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। हादसे के बाद आग को बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी है। फिलहाल नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। वहीं घटना के बाद बैकुंट नगर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना स्थल पर देर रात तक भीड़ लगी रही।
The post Bhilai breaking : कैटरिंग दुकान में एक के बाद एक 6 सिलेंडर फटे, खाक हुआ 10 लाख का सामान appeared first on ShreeKanchanpath.