Blog

Railway News : बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस के दो वर्ष पूरे, 2022 में पीएम मोदी ने दिखाई थी हरीझंडी

बिलासपुर। बिलासपुर-नागपुर के बीच चलने वाली भारतीय रेलवे की आधुनिकतम और श्रेष्ठतम वंदे भारत एक्सप्रेस ने सफलता पूर्वक अपने दो वर्ष पूरे कर लिए हैं। 11 दिसंबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्रतिष्ठित ट्रेन को दो हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया था। यह ट्रेन अपनी उच्च गति, आधुनिक सुविधाओं और समय की पाबंदी के लिए प्रसिद्ध है।

वंदे भारत रेक का रखरखाव दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कोचिंग डिपो, बिलासपुर में किया जा रहा है। कोचिंग डिपो बिलासपुर के अधिकारियों , सुपरवाइजर और कर्मचारियों ने नई तकनीक से युक्त इस वंदे भारत रेक के संचालन में अपने कौशल, ज्ञान और अनुभव का प्रदर्शन करते हुए इसे पूरी दक्षता के साथ संचालित किया है। पिछले दो वर्षों में इस ट्रेन ने बिना किसी तकनीकी समस्या के सुचारु और निर्बाध रूप से अपनी सेवाएं प्रदान की हैं।

5.5 घंटे में तय होता है 412 किलोमीटर सफर
बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ने यात्रियों के सफर को न केवल आरामदायक और सुरक्षित बनाया है, बल्कि यात्रा समय को भी उल्लेखनीय रूप से कम किया है। यह गाड़ी लगभग 412 किलोमीटर की दूरी को केवल 5.5 घंटे में तय करती है। इसमें उत्कृष्ट आसंदी व्यवस्था, वाई-फाई, इन्फोटेनमेंट प्रणाली और स्वचालित दरवाजों जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

दो राज्यों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन
यह ट्रेन न केवल व्यापारिक और पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित कर रही है, बल्कि क्षेत्रीय समृद्धि में भी योगदान दे रही है। वंदे भारत एक्सप्रेस ने अपने यात्रियों के हृदय में विशिष्ट स्थान बना लिया है। समयबद्ध संचालन और उत्कृष्ट सेवा यात्रियों को एक अद्वितीय अनुभव प्रदान करते हैं। बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ने अपने दो वर्षों के गौरवशाली सफर में अनेक उपलब्धियाँ हासिल की हैं। यह ट्रेन भारतीय रेलवे के सुनहरे भविष्य की प्रतीक बनी रहेगी।

The post Railway News : बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस के दो वर्ष पूरे, 2022 में पीएम मोदी ने दिखाई थी हरीझंडी appeared first on ShreeKanchanpath.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button