700 बिस्तर अस्पताल का ई-टेंडर जारी होने पर पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव एक्स पर किया था पोस्ट, कांग्रेस बोली यह उनका व्यक्तिगत विचार
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सबसे बड़े अस्पताल डॉ भीम राव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में 700 बिस्तर के नए भवन का ई-टेंडर जारी हुआ। इसे लेकर कांग्रेस में दो फाड़ दिख रही है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने विष्णुदेव सरकार के इस कार्य की सराहना करते हुए तारीफ की। एक्स हैंडल पर उन्होंने पोस्ट कर अपनी बात रखी। टीएस सिंहदेव के पोस्ट पर सीएम साय ने उनका आभार जताया। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने एक दिन बाद पोस्ट कर मेकाहारा को बीमारू अस्पताल बताया और टीएस सिंहदेव के पोस्ट को उनका व्यक्तिगत पोस्ट बताया।
बता दें प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार ने डॉ भीम राव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में 700 बिस्तर के नए भवन का ई-टेंडर जारी किया। 700 बिस्तर के नए भवन का शीलान्यास पूर्व की कांग्रेस सरकार में डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री रहे टीएस सिंहदेव ने तात्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ किया था। इसके बाद सरकार बदल गई और भाजपा को बहुमत मिला। एक साल के कार्यकाल के बाद सीएम साय की अगुवाई में 700 बिस्तर अस्पताल भवन के निर्माण के लिए ई-टेंडर जारी किया गया। भाजपा सरकार के इस निर्णय पर पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव ने एक्स पर पोस्ट कर सराहना की।
पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव ने सीएम साय को दी शुभकामना
पूर्व पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मेकाहारा में एकीकृत नवीन भवन के निर्माण कार्य के टेंडर निकालने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को शुभकामनाएं। कांग्रेस की सरकार के दौरान हमारे द्वारा शुरू की गई इस पहल के अगले चरण में पूर्ण होने से प्रदेश की जनता को लाभ मिलेगा। काफ़ी अथक प्रयासों से इस बिल्डिंग के लिए सभी प्रक्रियाओं को पूरा किया गया था। जैसे की नाबार्ड से लोन लेना, भवन का नक्शा तैयार करना इत्यादि। दुख इस बात का है कि हम इसे अपने शासन काल में पूर्ण नहीं कर पाए। लेकिन यह देख अच्छा लगा कि आप इसे आगे ले जा रहे हैं। जनसेवा के कार्यों को यूं ही दलगत राजनीति, और सरकारों के परे जाकर विस्तार दिया जाना चाहिए।
सीएम साय ने दिया सिंहदेव को साधुवाद
कांग्रेस नेता व पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के पोस्ट पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने भी रिप्लाई दिया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि टी.एस. सिंहदेव जी, आपकी इस शुभेच्छा के लिए आभार! बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए हमारी सरकार निरंतर कार्य कर रही है। जनसुविधा के कार्यों में दलगत राजनीति को कभी आड़े नहीं आने देना चाहिये। हम पहले के सभी अधूरे कार्यों को भी बिना किसी पूर्वाग्रह के पूरा कर रहे हैं। पुनः धन्यवाद।
अगले दिन कांग्रेस ने पोस्ट कर अस्पताल को बीमार बताया
टीएस सिंहदेव के पोस्ट के अगले ही दिन कांग्रेस के ऑफिशियल एक्स अकाउंट आईएनसी छत्तीसगढ़ पर प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अंबेडकर अस्पताल को बीमारू बताया है। इस पोस्ट में अस्पताल में सर्दी-जुकाम की दवा तक नहीं होने का हवाला देकर एक कार्टून पोस्ट किया गया है। इसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह कांग्रेस का नहीं उनका व्यक्तिगत आकलन है। इधर बैज के बयान के बाद भाजपा ने चुटकी ली। बीजेपी प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा कि हमारी सरकार में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ रही हैं, जिसकी तारीफ टीएस सिंहदेव ने की और उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार इस पर कुछ नहीं कर पाई जिसका उन्हें दुख है। दीपक बैज अब इसी का विरोध कर रहे हैं।
The post पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव ने की सीएम साय की तारीफ, तो गदगद हुए मुख्यमंत्री… कांग्रेस ने किया बयान से किनारा… जानिए क्या है पूरा मामला appeared first on ShreeKanchanpath.