कोरिया। चरित्र पर संदेह करते हुए एक व्यक्ति अपनी पत्नी को रोज ताने देता था। इससे तंग आकर पत्नी पहले अपने मायके चली गई और जब वह लौटी तब भी ताने कम नहीं हुए। इससे परेशानी महिला हाईटेंशन लाइन के टॉवर चढ़ गई। यह हाईवोल्टेज ड्रामा करीब आधे घंटे तक चला। पुलिस की मान-मनौव्वल और समझाइश के बाद महिला टॉवर से नीचे उतरी।
जानकारियों के मुताबिक, कोरिया जिले के बैकुंठपुर के खालपारा में यह हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। बार-बार चरित्र पर शक व तानों से परेशान पत्नी सविता तिग्गा अपने पति अशोक से झगड़ा कर आत्महत्या करने निकल गई। वह घर के पास ही लगे 33 केवी बिजली के टॉवर पर 40 फीट ऊंचाई पर चढ़कर बैठ गई। आरक्षक विमल जायसवाल ने आधे घंटे मशक्कत कर उसे समझा- बुझाकर नीचे उतारा। पति के रवैये से तंग आ चुकी सविता तिग्गा ने बताया उसका पति अशोक आए दिन उसके चरित्र पर शक करते हुए झगड़ा करता है। परेशान होकर कुछ दिन पहले पति को बिना बताए वह मायके चली गई थी। इससे पति और भी नाराज हो गया। लौटने के बाद पति के ताने और झगड़ा बर्दाश्त नहीं हुए तो टॉवर पर चढ़कर कूदने की ठान ली।
सविता बिजली के तार तक पहुंच पाती इससे पहले पुलिस पहुंच गई। आरक्षक विमल जायसवाल ने बताया सविता को टॉवर से नीचे उतरने की समझाइश देते हुए आश्वासन दिया कि उसकी समस्या का समाधान किया जाएगा। काफी मशक्कत के बाद वह किसी तरह टॉवर से नीचे उतरी। इसके बाद उसकी समस्या को पुलिस ने सुनकर पति को भी समझाया, तब जाकर मामला शांत हुआ।
The post चरित्र पर उंगली उठा पति देता था ताने, परेशान पत्नी चढ़ गई बिजली के टॉवर पर…. appeared first on ShreeKanchanpath.