Blog

महाराष्ट्र व झारखंड में विधानसभा चुनावों की घोषणा, देशभर के 48 विधानसभा में उपचुनाव का भी ऐलान

नईदिल्ली। चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों का ऐलान कर दिया है। महराष्ट्र में एक चरण में 20 नवंबर को वोटिंग होगी। वहीं झारखंड में दो चरणों में क्रमश: 13 और 20 नवंबर को वोटिंग होगी। इन दोनों राज्यों के साथ ही देश भर में 13 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों और तीन राज्यों की दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है। इनमें छत्तीसगढ़ के रायपुर दक्षिण की सीट भी है जो कि यहां के विधायक बृजमोहन अग्रवाल के सांसद बनने के कारण खाली हुई थी। चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।

चुनाव आयोग के अनुसार महाराष्ट्र में एक ही चरण में सभी 288 सीटों पर 20 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे। चुनाव आयोग के अनुसार महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए 22 अक्तूबर को अधिसूचना जारी होगी, जबकि नामांकन की आखिरी तारीख 29 अक्तूबर को है। इस कड़ी में 30 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, वहीं नाम वापसी के लिए 4 नवंबर आखिरी दिन होगा।

चुनाव आयोग ने झारखंड विधानसभा चुनाव की  81 विधानसभा सीटों पर दो चरण में चुनाव होंगे। यहां पर 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। जबकि 23 नवंबर को मतगणना होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि झारखंड में पहले चरण की अधिसूचना 18 अक्तूबर को जारी होगी। जबकि नामांकन 25 अक्तूबर से शुरू होंगे। वहीं नामांकन पत्रों की जांच 28 अक्तूबर को होगी। नाम वापसी 30 अक्तूबर का होगी। जबकि मतदान 13 नवंबर को होगा। वहीं दूसरे चरण के चुनाव की अधिसूचना 22 अक्तूबर को जारी होगी। नामांकन 29 अक्तूबर से होंगे। नामांकन पत्रों की जांच 30 अक्तूबर को होगी। जबकि नाम वापसी एक नवंबर को होगी। दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।

महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म हो रहा है। महाराष्ट्र में 9.63 करोड़ मतदाता होंगे। 4.97 करोड़ पुरुष और 4.66 करोड़ महिला मतदाता होंगी। 1.85 करोड़ युवा मतदाता होंगे। पहली बार मतदान करने वाली संख्या 20.93 लाख होगी। राज्य में इस बार 1,00,186 मतदान केंद्र होंगे।  इसी प्रकार झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को खत्म हो रहा है। यहां 2.6 करोड़ मतदाता होंगे। इनमें 1.29 करोड़ महिलाएं और 1.31 करोड़ पुरुष मतदाता होंगे। यहां युवा मतदाताओं की संख्या 66.84 लाख और पहली बार मतदान करने वालों की संख्या 11.84 लाख होगी। झारखंड में 29,562 मतदान केंद्र होंगे।

The post महाराष्ट्र व झारखंड में विधानसभा चुनावों की घोषणा, देशभर के 48 विधानसभा में उपचुनाव का भी ऐलान appeared first on ShreeKanchanpath.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button