भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र में शनिवार को एक युवक की सर्पदंश से मौत हो गई। युवक को जहरीले करैत सांप ने डस लिया था। आधीरात को घर पर सोए युवक को पलंग पर चढ़कर करैत ने डसा। इस दौरान घर पर उसकी पत्नी व दो बच्चे भी थे। आनन फानन में युवक को पहले शास्त्री अस्पताल सुपेला लेकर गए और उसके बाद उसे शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरा परिवर सदमें हैं। वहीं सुबह सर्प मित्र अजय चौधरी ने घर पहुंचकर सांप का रेस्क्यू किया।
मिली जानकारी के अनुसार जामुल पालिका के वार्ड नंबर 8 निवासी तुलाराम सिन्हा (33) साल की सर्प दंश से मौत हो गई। शुक्रवार रात को खाना खाने के बाद वह कमरे में दीवान पलंग पर सोया था। वहीं उसकी पत्नी भुवनेश्वरी सिन्हा, रेवेंद्र सिन्हा (13) व छोटा पुत्र देवेंद्र सिंहा (11) नीचे सोये हुए थे। आधी रात के बाद लगभग 1 बजे कमरे में करैत सांप घुसा और दीवान पर चढ़कर तुलाराम को डस लिया। सांप काटने से तुलाराम की चीख निकल गई और यह सुन पत्नी और बच्चे जाग गए।
सांप को देखकर सभी सहम गए और कमरे से बाहर निकल गए। इसके बाद आसपास के लोगों को जानकारी दी तो सभी ने मिलकर तुलाराम को सुपेला शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। यहां पर तुलाराम की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई तो उसे शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। शंकराचार्य अस्पताल में इलाज के दौरान सुबह 6 बजे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद घर वालों ने सुबह 7 बजे सर्पमित्र अजय चौधरी को फ़ोन पर सूचना दी। मौके पर पहुंचकर अजय चौधरी ने दीवान पलंग में छिपे 4 फीट लम्बे करैत सांप का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। यदि आप में से किसी के घर पर सांप दिखे तो सावधान हो जाए और सर्पमित्र अजय चौधरी के मोबाईल नंबर 9753807733 पर संपर्क कर इसकी सूचना दें।
The post Bhilai Breaking : आधी रात घर पर सोये युवक को करैत सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत appeared first on ShreeKanchanpath.