छत्तीसगढ़

ग्राम उसरवाही में क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 30 अक्टूबर तक मैदान में दिखेगा खिलाड़ियों का दमखम

*ग्राम उसरवाही में क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 30 अक्टूबर तक मैदान में दिखेगा खिलाड़ियों का दमखम।*

*खेल के साथ सुरक्षा और जागरूकता का संदेश, रेंगाखार पुलिस ने ग्रामीणों एवं खिलाड़ियों को किया जागरूक।*

कबीरधाम जिला के थाना रेंगाखार अंतर्गत ग्राम उसरवाही में आज दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को ग्रामवासियों एवं कबीरधाम पुलिस के सामूहिक प्रयास से क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। दिनांक 20 से 30 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना, युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा उनमें खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले के विभिन्न ग्रामों के साथ अन्य जिलों की टीमें भी हिस्सा लेंगी।

*खेल के साथ सामाजिक जागरूकता पर जोर*

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। इस दौरान थाना प्रभारी रेंगाखार निरीक्षक श्री अरविन्द कुमार साहू ने खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए खेल को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और सामाजिक एकता का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने युवाओं को खेल के साथ शिक्षा के महत्व को समझने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

*साइबर अपराध, यातायात नियम एवं भूमि विवाद के प्रति किया जागरूक*

निरीक्षक श्री अरविन्द कुमार साहू ने ग्रामीणों एवं खिलाड़ियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल पर व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी साझा करने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने की समझाइश दी। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार रहने की अपील की। उन्होंने भूमि संबंधी विवादों को आपसी समझदारी एवं वैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से सुलझाने तथा विवाद बढ़ने से रोकने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

*अपराधमुक्त क्षेत्र के लिए पुलिस और आमजन की सहभागिता आवश्यक*

थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा असामाजिक तत्वों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा सके। कबीरधाम पुलिस का उद्देश्य खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देना, आमजन में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत करना है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button