पुलिस ने आरोपियों का निकाला जुलूस, कोर्ट परिसर में लोगों ने आरोपियां की पिटाई
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में गायों के कटे सिर मिलने के बाद पुलिस ने गो हत्या बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला। बताया जा रहा है कि जब आरोपियों को कोर्ट में पेश किया तो बड़ी संख्या में वहां लोग पहुंचे और कुछ लोगों ने आरोपियों की पिटाई का भी प्रयास किया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
बता दें कि 12 अक्तूबर को गौरीनगर में निर्माणाधीन पुल के पास गाय का कटा हुआ सिर मिला था। इसके दो दिन बाद उसी इलाके के शीतला तालाब में एक और गाय का सिर मिला। शिकायत मिलने के बाद मामले की गंभीरता और नवरात्रि पर्व को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और जांच शुरू की गई। मामले की जांच के लिए चिखली थाना और साइबर सेल की टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें कुछ लोग आवारा मवेशियों को अपने घर ले जाते दिखाई दिए।
जांच के दौरान गौरीनगर निवासी अब्दुल अलीम उर्फ कनवा (39), उसकी पत्नी और बेटी की पहचान हुई। इसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। पुलिस अधिकारी के अनुसार, अब्दुल अलीम ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी, 17 वर्षीय बेटी और अन्य लोगों की मदद से गायों को काटा और उनका मांस बेचा। पुलिस ने अब्दुल अलीम, उसकी पत्नी अंजुम बेगम (35), सलमान खान (19), मोहम्मद साकिर खान (20), मोइन गौरी (35), आरिफ कुरैशी (39), सलीम अख्तर (42), सैयद नदीम (38), मोहम्मद सिराज (46) और मोहम्मद तौहीद (28) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य), 325 (किसी पशु को मारकर या अपंग बनाकर नुकसान पहुंचाना), 238 (साक्ष्य मिटाना) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने 2 सुत्ता, एक धारदार चाकू और एक स्कूटी जब्त की है। फिलहाल, पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
The post छत्तीसगढ़ में गो हत्या : नाबालिग लड़की सहित 11 गिरफ्तार, पुलिस को मिले थे गायों के कटे सिर appeared first on ShreeKanchanpath.




