छत्तीसगढ़

पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने गोल्ड मेडल विजेता दिव्यांग खिलाड़ी देव सिंह को किया सम्मानित, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया सहयोग

*पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने गोल्ड मेडल विजेता दिव्यांग खिलाड़ी देव सिंह को किया सम्मानित, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया सहयोग।*

*भिलाई में आयोजित राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में 59 किलोग्राम भार वर्ग में देव सिंह ने हासिल किया प्रथम स्थान।*

कबीरधाम जिला में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले जिले के दिव्यांग खिलाड़ी देव सिंह को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मानित किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा देव सिंह की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सहयोग भी प्रदान किया।

*दिव्यांग खिलाड़ियों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन*

ग्राम कोदवा, पोस्ट सोनबरसा, तहसील एवं जिला कबीरधाम निवासी देव सिंह ने दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य पावरलिफ्टिंग चैम्पियनशिप में 59 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लिया। भिलाई स्थित प्रगति भवन, ऑफिसर्स एसोसिएशन, बी.एस.पी. सिविक सेंटर में आयोजित प्रतियोगिता में देव सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

देव सिंह ने स्क्वाट में 100 किलोग्राम, बेंच प्रेस में 50 किलोग्राम तथा डेडलिफ्ट में 60 किलोग्राम, कुल 210 किलोग्राम भार उठाकर 59 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान एवं गोल्ड मेडल हासिल किया।

*राष्ट्रीय स्तर पर कबीरधाम का प्रतिनिधित्व करेंगे देव सिंह*

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद देव सिंह आगामी राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता, दिल्ली में हिस्सा लेने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने देव सिंह को प्रोत्साहित करते हुए उनकी राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी एवं दिल्ली जाने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने देव सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में जिले के खिलाड़ियों की उपलब्धियां गौरव की बात हैं। उन्होंने देव सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर भी पूरी मेहनत और लगन के साथ प्रदर्शन कर कबीरधाम जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। देव सिंह की यह उपलब्धि जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है और यह दर्शाती है कि निरंतर अभ्यास, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button