दलिया पेट भरने के साथ-साथ शरीर को जरूरी पोषण देने में भी मदद करता है। इसमें फाइबर होता है, जिससे पेट देर तक भरा महसूस हो सकता है। इसे खाने से पाचन भी ठीक रहता है। अगर दलिया में सब्जियां, दूध, दही, दाल या मेवे मिला दें तो यह और भी पौष्टिक हो जाता है। अगर आपको दलिया का स्वाद पसंद नहीं है या फिर आप एक ही तरह का दलिया खाकर बोर हो गए हैं तो क्यों न इसे बनाने का तरीका थोड़ा बदल दिया जाए।
कई लोगों को दलिया इसलिए पसंद नहीं आता क्योंकि उन्हें इसका स्वाद फीका लगता है। ऐसे में आप यहां बताई गई 3 अलग-अलग रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। इसमें एक नमकीन, एक मीठा और एक सब्जियों वाला विकल्प है। यानी स्वाद भी बदलता रहेगा और खाने में अलग-अलग चीजें शामिल होने से पोषण भी बेहतर होगा।
वेजिटेबल नमकीन दलिया
अगर आप डाइट में सब्जियां शामिल करना चाहते हैं तो दलिया में सब्जियां डालकर इसे बना सकते हैं। यह आसानी से बनने वाला और पेट भरने वाला नाश्ता बन सकता है।
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
½ कप दलिया
1 कप पानी
½ कप गाजर, मटर और शिमला मिर्च
1 छोटा प्याज
1 छोटा टमाटर
1 छोटा चम्मच तेल या घी
जीरा
हल्दी
थोड़ा नमक
अब जानें बनाने का तरीका
सबसे पहले दलिया को सूखी कड़ाही में 3-4 मिनट हल्का भून लें। इसके बाद कुकर में थोड़ा तेल या घी गर्म करके जीरा डालें। फिर प्याज और फिर टमाटर डालकर हल्का भूनें। इसके बाद अब गाजर, मटर और शिमला मिर्च डालें। फिर हल्दी, नमक और भुना हुआ दलिया डालकर मिलाएं। इसके बाद करीब 1 से 1½ कप पानी डालें और कुकर बंद कर दें। फिर मध्यम आंच पर 2 सीटी आने दें। प्रेशर निकलने के बाद धनिया डालकर परोसें।
दूध वाला मीठा दलिया
अगर आपको कुछ मीठा खाने का मन कर रहा है और भूख भी लगी है तो आप इस तरह से दलिया बना सकती हैं। चीनी ज्यादा डालने के बजाय दूध और थोड़े मेवों के साथ इसे बना सकते हैं।
बनाने के लिए जरूरी चीजें
½ कप दलिया
1½ कप दूध
½ कप पानी
1 छोटा केला या अपनी पसंद का कोई फल
1-2 कटे बादाम
1-2 कटे काजू
1 छोटी चुटकी इलायची
स्वाद के अनुसार थोड़ा गुड़
अब नोट करें रेसिपी
इसे बनाने के लिए सबसे पहले दलिया को कड़ाही में हल्का भून लें। फिर इसमें पानी डालकर दलिया को नरम होने तक पकाएं। इसके बाद अब दूध डालें और धीमी आंच पर कुछ मिनट पकाएं। फिर गैस बंद करने के बाद थोड़ा ठंडा होने दें। अब गुड़, इलायची और कटे हुए मेवे डालें। फिर ऊपर से केला या अपनी पसंद का फल डालकर खाएं।
मसाला दलिया
अगर आपको थोड़ा चटपटा स्वाद पसंद है तो यह नमकीन दलिया को नाश्ते में शामिल कर सकती हैं
रेसिपी के लिए जरूरी चीजें
½ कप दलिया
1 छोटा प्याज
1 छोटा टमाटर
½ कप अपनी पसंद की सब्जियां
1 छोटा चम्मच तेल
जीरा
थोड़ी अदरक
हल्दी
थोड़ी लाल मिर्च
नमक
हरा धनिया
करीब 1½ कप पानी
अब जानें बनाने का तरीका
इसे बनाने के सबसे पहले दलिया को हल्का भूनकर अलग रख दें। फिर पैन में तेल गर्म करके जीरा और बारीक कटी अदरक डालें। फिर प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद टमाटर और सब्जियां डालें। फिर हल्दी, लाल मिर्च और नमक डालकर 2-3 मिनट पकाएं। अब भुना दलिया डालकर अच्छी तरह मिलाएं। पानी डालकर ढक दें और धीमी आंच पर दलिया नरम होने तक पकाएं। ऊपर से हरा धनिया डालकर गर्मागर्म परोसें।





