Blog

खम्हरिया पीएम आवास में दुर्ग पुलिस की दबिश… तड़के पांच बजे चलाया सर्च अभियान

भिलाई। अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नकेल कसने और आपराधिक तत्वों की धरपकड़ के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने मंगलवार तड़के भिलाई नगर निगम क्षेत्र के खम्हरिया स्थित प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में अचानक सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। स्मृति नगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत आने वाली बहुमंजिला कॉलोनी में पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया।

यह पूरी छापामार कार्रवाई सुबह ठीक 5 बजे भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक के नेतृत्व में शुरू की गई। अभियान को व्यवस्थित ढंग से अंजाम देने के लिए पुलिस की 4 विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिनमें तीन थाना प्रभारी, निरीक्षक स्तर के अधिकारी और बड़ी संख्या में आरक्षक शामिल थे। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए महिला पुलिस बल, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त तैनाती की गई थी।

कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक पुलिस की टीम ने कॉलोनी परिसर में खड़े संदिग्ध दुपहिया एवं चारपहिया वाहनों के नंबरों और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। हालांकि पुलिस को इस चेकिंग के दौरान कोई सूचीबद्ध वारंटी तो नहीं मिला, परंतु कुछ संदिग्ध व्यक्ति पाए गए हैं। पुलिस टीम फिलहाल इन सभी व्यक्तियों का चरित्र एवं पृष्ठभूमि सत्यापन करवा रही है।

छापेमारी के दौरान एक मुख्य बात यह सामने आई कि कई प्रधानमंत्री आवासों में मूल आवंटियों की जगह किराएदार निवास कर रहे थे। शासकीय नियमानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित मकानों को किसी अन्य व्यक्ति को किराए पर देना या बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित है। सीएसपी निशांत पाठक ने बताया कि खम्हरिया में असामाजिक तत्वों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियम विरुद्ध तरीके से किराए पर दिए गए मकानों की सूची और विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए भिलाई नगर निगम को भेजी जा रही है। दुर्ग पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों की कॉलोनियों में इस तरह की औचक चेकिंग आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

The post खम्हरिया पीएम आवास में दुर्ग पुलिस की दबिश… तड़के पांच बजे चलाया सर्च अभियान appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button