*
*ट्रिपल विकेट क्रिकेट टूर्नामेंट में पहुंची पंडरिया पुलिस, खिलाड़ियों एवं क्षेत्रवासियों को दिया गया साइबर अपराध से बचाव की जानकारी।*
*खेल के मैदान से साइबर सुरक्षा का संदेश—एस.डी.ओ.पी. भूपत सिंह ने युवाओं को किया जागरूक।*
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में जिले में संचालित साइबर जागृति अभियान के तहत पुलिस टीम द्वारा आमजन एवं युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया श्री भूपत सिंह द्वारा पंडरिया क्षेत्र स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में आयोजित ट्रिपल विकेट क्रिकेट टूर्नामेंट में सम्मिलित होकर उपस्थित खिलाड़ियों एवं क्षेत्रवासियों से संवाद किया गया। इस दौरान खेल गतिविधियों के साथ-साथ साइबर जागरूकता को भी प्रमुखता देते हुए उपस्थित लोगों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
एसडीओपी श्री भूपत सिंह ने बताया कि साइबर अपराधी विभिन्न माध्यमों से लोगों को अपना शिकार बनाने का प्रयास करते हैं। फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, फर्जी बैंक अधिकारी बनकर संपर्क, ओटीपी एवं एटीएम संबंधी जानकारी मांगना, फर्जी लिंक भेजना, ऑनलाइन नौकरी एवं निवेश के नाम पर ठगी, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर भय पैदा करना तथा सोशल मीडिया के माध्यम से धोखाधड़ी जैसी घटनाओं से सावधान रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने खिलाड़ियों एवं क्षेत्रवासियों को विशेष रूप से समझाइश दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड विवरण, सीवीवी, पासवर्ड, यूपीआई पिन अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने अथवा अज्ञात एप्लीकेशन डाउनलोड करने से बचें। सोशल मीडिया अकाउंट पर मजबूत पासवर्ड एवं टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
साइबर ठगी होने की स्थिति में बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा संबंधित बैंक/वित्तीय संस्था को तत्काल सूचना देने की अपील की गई। साथ ही यह भी बताया गया कि साइबर अपराध की स्थिति में जितनी जल्दी शिकायत की जाएगी, ठगी गई राशि को रोकने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को यह संदेश भी दिया गया कि खेल की तरह डिजिटल दुनिया में भी सतर्कता, अनुशासन और सही निर्णय ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है। युवाओं से स्वयं साइबर जागरूक बनने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी पंडरिया निरीक्षक श्री अजय सिन्हा सहित थाना पंडरिया पुलिस टीम उपस्थित रही। पंडरिया पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता अभियान के माध्यम से आमजन तक साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी से क्षेत्रवासियों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।





