*कबीरधाम पुलिस का साइबर जागृति अभियान, स्कूल-कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय।*
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में साइबर जागृति अभियान चलाकर स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय झलमला, शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल ग्राम बसनी थाना कुंडा, स्वामी विवेकानंद कॉलेज थाना बोडला, शासकीय स्कूल राजानवागाँव थाना भोरमदेव, नवीन पब्लिक स्कूल, गोराज पब्लिक स्कूल, पीएम श्री आत्मानंद स्कूल चौकी पोंड़ी, ग्राम परसवारा, ग्राम रोहरा हाईस्कूल थाना पांडातराई, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राम बम्हनी चौकी बाजार चारभाठा, हायर सेकेंडरी स्कूल थाना कूकदूर क्षेत्र, सामुदायिक भवन पंडरिया, हाई स्कूल पनेका चौकी दशरंगपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला थाना रेंगाखार, हाई स्कूल सिंगारपुर, शासकीय प्राथमिक शाला धनिया खुर्द थाना सहसपुर लोहारा, शासकीय स्कूल बोक्करखार थाना चिल्फी, शासकीय स्कूल थाना सिंघनपुरी जंगल, भगवान महावीर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चौकी बैजलपुर, ग्राम तरेगांव, ग्राम दलदली, ग्राम लरबक्की थाना तरेगांव जंगल एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झलमला में पुलिस टीम द्वारा साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को समझाइश दी गई कि OTP, ATM PIN, CVV, UPI PIN, पासवर्ड एवं सोशल मीडिया के लॉगिन विवरण किसी के साथ साझा न करें। अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, QR Code, APK अथवा संदिग्ध फाइल को ओपन या डाउनलोड न करें। सोशल मीडिया पर अजनबियों से दोस्ती करते समय सावधानी बरतें तथा अपनी फोटो, वीडियो, मोबाइल नंबर, पता और अन्य निजी जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा करने से बचें।
छात्र-छात्राओं को फर्जी ऑनलाइन जॉब, स्कॉलरशिप, गिफ्ट, गेमिंग एवं लॉटरी के नाम पर ठगी, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, फिशिंग लिंक तथा बैंक/KYC अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी से भी सावधान किया गया। किसी भी ऑनलाइन लेन-देन से पहले जानकारी की सत्यता जांचने तथा संदिग्ध गतिविधि होने पर तत्काल परिजनों एवं पुलिस को जानकारी देने की समझाइश दी गई।
पुलिस टीम ने बताया कि साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराएं नहीं और तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को होल्ड कराने की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर सेल को भी सूचना देने की अपील की गई।
कबीरधाम पुलिस ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर जागरूकता का संदेश अपने परिवार एवं मित्रों तक भी पहुंचाएं।





