*
*जिला कबीरधाम पुलिस को साइबर ठगी के मामलों में महत्वपूर्ण सफलता*
*साइबर ठगी के मास्टरमाइंड नीलू यादव को कबीरधाम साइबर पुलिस ने मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्र से किया किया गिरफ्तार।*
*मध्यप्रदेश एवं उत्तरप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई कर आरोपी तक पहुंची साइबर पुलिस टीम।*
*लगातार पिछले तीन माह से पुलिस को दे रहा था चकमा कबीरधाम, साइबर पुलिस ने पहुंचाया सलाखों के भीतर।*
*आरोपी के विरुद्ध कबीरधाम जिले के अलावा मध्य प्रदेश में भी कई प्रकरण हैं,दर्ज।*
कबीरधाम साइबर पुलिस थाना कबीरधाम में दिनांक 04.05.2026 को एक शिक्षक द्वारा अज्ञात मोबाइल नंबर के धारक द्वारा फोन कर भय एवं दबाव बनाकर राशि की मांग करने तथा यूपीआई के माध्यम से राशि हस्तांतरित कराने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर साइबर पुलिस थाना कबीरधाम में अपराध क्रमांक 02/2026, धारा 318(4), 319(2) बीएनएस एवं धारा 66(डी) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान अज्ञात मोबाइल नंबर की तकनीकी जानकारी, बैंकिंग लेन-देन एवं अन्य उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों का विस्तृत विश्लेषण किया गया। तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन निवाड़ी, जिला टीकमगढ़, मध्यप्रदेश एवं आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में होना ज्ञात हुआ।
इसी क्रम में जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि आरोपी द्वारा कबीरधाम जिले में अन्य व्यक्तियों को भी इसी प्रकार निशाना बनाकर साइबर ठगी की गई है। इस संबंध में दिनांक 08.05.2026 को साइबर पुलिस थाना कबीरधाम में अपराध क्रमांक 05/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। दोनों प्रकरणों को आपस में जोड़ते हुए पुलिस द्वारा तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा साइबर ठगी के लिए अलग-अलग व्यक्तियों के मोबाइल नंबरों का उपयोग किया जाता था तथा ठगी की रकम विभिन्न चॉइस सेंटरों के माध्यम से जमा/हस्तांतरित करवाता था। आरोपी द्वारा अपनी पहचान एवं गतिविधियों को छिपाने के लिए अलग-अलग मोबाइल नंबर एवं बैंकिंग माध्यमों का इस्तेमाल किया जाता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश कौशिक एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित की गई।
साइबर पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु मध्यप्रदेश एवं उत्तरप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में रवाना किया गया। टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों, बैंकिंग लेन-देन एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण करते हुए घटना के मुख्य आरोपी नीलू यादव की पहचान की गई। पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई।
*आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज*
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नीलू यादव के विरुद्ध निवाड़ी जिला, मध्यप्रदेश में अपराध क्रमांक 10/2026 सहित अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त निवाड़ी जिले में उसके विरुद्ध एक अन्य प्रकरण भी दर्ज होना पाया गया है। आरोपी पूर्व में भी जेल जा चुका है तथा उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए उसे आदतन अपराधी के रूप में चिन्हित किया गया है। आरोपी के संबंध में अन्य स्थानों पर दर्ज आपराधिक प्रकरणों एवं उसकी गतिविधियों के संबंध में भी पुलिस द्वारा जानकारी एकत्रित की जा रही है।
*साइबर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ठगी की रकम होल्ड*
साइबर पुलिस टीम द्वारा प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की ठगी गई रकम को समय रहते होल्ड करवाया गया है। आवश्यक वैधानिक एवं बैंकिंग प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत उक्त ठगी की रकम शीघ्र ही पीड़ित के खाते में वापस कराई जाएगी।
साइबर अपराध की सूचना तत्काल मिलने पर कबीरधाम साइबर पुलिस द्वारा त्वरित तकनीकी कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम को सुरक्षित करवाने में सफलता प्राप्त की गई।
*साइबर अपराध से बचाव हेतु कबीरधाम पुलिस की अपील*
कबीरधाम पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन, मैसेज या अन्य माध्यम से भय अथवा दबाव बनाकर रुपये की मांग की जाती है, तो घबराएं नहीं और बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति के खाते में राशि हस्तांतरित न करें।
किसी भी प्रकार के संदिग्ध कॉल अथवा साइबर ठगी की घटना होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें अथवा National Cyber Crime Reporting Portal के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही निकटतम पुलिस थाना अथवा साइबर पुलिस थाना को तत्काल सूचना दें, ताकि ठगी की रकम को समय रहते होल्ड कराया जा सके।
*सराहनीय योगदान*
संपूर्ण कार्रवाई में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में निरीक्षक उमाशंकर राठौर, थाना प्रभारी साइबर पुलिस थाना कबीरधाम, सउनि चंद्रकांत तिवारी, प्र.आर. चुम्मन साहू, आरक्षक संदीप शुक्ल, नरेन्द्र चंद्रवंशी, आकाश राजपूत, विकास श्रीवास्तव एवं साइबर टीम के अन्य अधिकारी/कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।





