छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय खेल दिवस पर ग्राम सिंगपुर में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत कबड्डी प्रतियोगिता।*

*

*राष्ट्रीय खेल दिवस पर ग्राम सिंगपुर में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत कबड्डी प्रतियोगिता।*

*25 टीमों ने लिया हिस्सा, वरिष्ठ खिलाड़ियों का सम्मान एवं खिलाड़ियों को टी-शर्ट का वितरण।*

*खेल आयोजन के साथ साइबर अपराध एवं यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक।*

कबीरधाम जिला के पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में दिनांक-29-08-2026 को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सामुदायिक पुलिसिंग के तहत ग्राम सिंगपुर में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना, उनमें खेल भावना एवं अनुशासन विकसित करना तथा पुलिस एवं आमजन के बीच संवाद, समन्वय एवं विश्वास को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी श्री अखिलेश कौशिक, थाना कुकदूर प्रभारी श्री संतोष मिश्रा एवं प्रधान आरक्षक श्री हिरेंद्र प्रताप सिंह, श्री घनाराम सिन्हा, श्री हिम्मत साहू, सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, खेल समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे। इस दौरान श्यामसिंग मरकाम, संतराम मरकाम (सरपंच प्रतिनिधि, कामटी), धनवाराम धुर्वे, नंदराम मरकाम (सरपंच प्रतिनिधि, सिंगपुर), अभय मेरावी (सरपंच, लोखान) एवं निलेश पुसम (सरपंच प्रतिनिधि, कुकदूर) सहित क्षेत्र के प्रमुख व्यक्ति उपस्थित रहे।

पुलिस अधिकारियों ने खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा युवाओं को खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने, अनुशासन बनाए रखने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।*

*25 टीमों ने लिया हिस्सा, विजेता टीमों को नकद पुरस्कार।*

ग्राम सिंगपुर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में कुल 25 टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उत्कृष्ट टीमों को नकद पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।

प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार लिमहीपुर की टीम को 5,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार मदनपुर की टीम को 4,000 रुपये, तृतीय पुरस्कार सरईसेत की टीम को 3,000 रुपये तथा सांत्वना पुरस्कार भेड़ागड़ की टीम को 2,000 रुपये प्रदान किया गया। वहीं आदर्श टीम का पुरस्कार कुल्हीडोगरी की टीम को 1,000 रुपये प्रदान किया गया।

आयोजन के दौरान क्षेत्र के वरिष्ठ एवं अनुभवी खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में उनके योगदान एवं अनुभव के लिए सम्मानित किया गया। वरिष्ठ खिलाड़ियों का सम्मान युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी रहा। इसी क्रम में खेल समिति एवं खिलाड़ियों को टी-शर्ट का वितरण कर उनका उत्साहवर्धन किया गया, जिससे खिलाड़ियों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली।

*साइबर ठगी से बचाव के लिए ग्रामीणों को किया जागरूक*

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों एवं खिलाड़ियों को साइबर अपराध से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि OTP, ATM PIN, CVV, बैंक पासवर्ड एवं UPI PIN किसी के साथ साझा न करें तथा अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई स्क्रीन-शेयरिंग अथवा रिमोट-एक्सेस ऐप डाउनलोड न करें। अनजान लिंक, संदिग्ध QR कोड एवं अज्ञात APK फाइल पर क्लिक या डाउनलोड करने से बचें।

पुलिस टीम ने सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानीपूर्वक बातचीत करने, फर्जी नौकरी, लॉटरी, निवेश एवं ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर तत्काल विश्वास न करने की समझाइश दी। साथ ही साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने एवं संबंधित माध्यम से पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

*यातायात नियमों के पालन की भी दी गई समझाइश*

कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं खिलाड़ियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। साथ ही नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने एवं यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की गई।

कबीरधाम पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से खेल, जनसंवाद एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देते हुए ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने तथा पुलिस एवं आमजन के बीच विश्वास, सहयोग एवं सहभागिता को मजबूत करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। ग्राम सिंगपुर में आयोजित यह कार्यक्रम इसी दिशा में कबीरधाम पुलिस की एक सार्थक पहल रहा।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button