*आईटीआई पिपरिया में प्रवेश उत्सव का आयोजन, नवप्रवेशित प्रशिक्षणार्थियों का किया गया स्वागत*
*कोपा व्यवसाय सहित प्रशिक्षण व्यवस्था, रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास योजनाओं की दी गई जानकारी*
कवर्धा, अगस्त 2026। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पिपरिया में नवीन प्रशिक्षण सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर प्रवेश उत्सव का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशित प्रशिक्षणार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें संस्थान की कार्यप्रणाली एवं प्रशिक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को संस्थान में संचालित कोपा व्यवसाय, प्रशिक्षण व्यवस्था, अनुशासन, उपस्थिति, परीक्षा प्रणाली, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों तथा कौशल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाने और अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। संस्थान के अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों से नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त करने, अनुशासन का पालन करने तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें सफल एवं कुशल पेशेवर बनने के लिए शुभकामनाएं दी गईं।





