दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र में 6 दिन पहले चोरी के एक मामले में पुलिस ने युवती सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने प्लानिंग कर कार का शीशा तोड़कर कैश से भरा बैग पार कर दिया था। पीडित की शिकायत पर पुलिस ने आसपास के सीसी टीवी फुटेज खंगाले और पांच लोगों को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी उत्सव होंडा शोरूम का कर्मचारी निकला। इस मामले में पुलगांव पुलिस द्वारा धारा 301(1), 324(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
इस मामले में 28 जुलाई को प्रार्थी प्रमोद महेश्वरी निवासी मुक्त नगर दुर्ग द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। उन्होंने बताया कि वे अपनी मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक CG 07 CR 7983 में लगभग 4,90,000 रुपए नगद राशि एक काले रंग के बैग में रखकर निकले थे। पोटिया रोड स्थित उत्सव होंडा शोरूम के सामने वाहन खड़ा कर अन्य कार्य से चले गए। कुछ समय पश्चात वापस आने पर देखा कि कार का शीशा टूटा हुआ है और बैग गायब है। किसी ने वाहन का शीशा पत्थर से तोड़कर नगदी से भरा बैग चोरी कर लिया था।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू एवं थाना पुलगांव पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल जांच प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा प्रार्थी के निवास से घटनास्थल एवं आसपास लगभग 05 किलोमीटर क्षेत्र में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों का गहन परीक्षण किया गया। साथ ही तकनीकी विश्लेषण, मैनुअल इंटेलिजेंस, स्थानीय मुखबिरों से प्राप्त सूचना एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर मुख्य आरोपी भुवनेश्वर डहरिया, जो उत्सव होंडा शोरूम में कार्यरत है, को चिन्हित किया गया।
पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उसकी सहकर्मी सपना राजपूत के माध्यम से उसे प्रार्थी की गतिविधियों की जानकारी रहती थी। आरोपी ने पूर्व में प्रार्थी की गतिविधियों की रैकी कर यह जानकारी एकत्रित की थी कि प्रार्थी अक्सर बड़ी नगदी लेकर उक्त स्थान पर वाहन खड़ा करता है। इसी पूर्व नियोजित योजना के तहत अपने साथियों के साथ मिलकर कार का शीशा तोड़कर नगदी से भरा बैग चोरी कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई राशि में से 1 लाख 57 हजार रुपए बरामद किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त 02 पल्सर मोटरसाइकिल एवं 01 एक्टिवा स्कूटी जब्त की गई। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
उक्त कार्रवाई में एसीसीयू दुर्ग एवं थाना पुलगांव पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सतत तकनीकी विश्लेषण, सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म परीक्षण, मुखबिर तंत्र के प्रभावी उपयोग एवं त्वरित समन्वित कार्रवाई के माध्यम से प्रकरण का सफल खुलासा किया गया। विवेचना एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना पुलगांव एवं एसीसीयू के अधिकारी एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि बड़ी नगदी लेकर चलते समय विशेष सतर्कता बरतें तथा वाहन में नगदी अथवा अन्य मूल्यवान वस्तुएं छोड़कर न जाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- भुवनेश्वर डहरिया, उम्र 23 वर्ष, निवासी कुंद्रापारा, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग।
- संजय साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी कुंद्रापारा, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग।
- जितेंद्र कुमार साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी रूआबांधा, चाचा चौक के पास, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग।
- सपना राजपूत, उम्र 20 वर्ष, निवासी कोलियाहापुरी, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
- संतोष जोशी ,उम्र 48 ,वार्ड नंबर 54 कुंदरपारा थाना पद्मनाभपुर
The post कार का शीशा तोड़कर पार किया कैश से भरा बैग, युवती सहित पांच आरोपी गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.


