छत्तीसगढ़

जागरूकता अभियान से ही मिलेगी ग्रामीण स्वच्छता में कामयाबी- कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा

*जागरूकता अभियान से ही मिलेगी ग्रामीण स्वच्छता में कामयाबी- कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा*

*ग्राम भ्रमण बढ़ाने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और व्यवहार परिवर्तन पर दिया जोर*

कवर्धा,  जुलाई 2026/ स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) प्रबंधन समिति को विस्तृत दिशा निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गांवों में लगातार भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करने और उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक करने से ही मिशन को वास्तविक सफलता मिलेगी।

कलेक्टर श्री वर्मा ने ग्राम पंचायतों में स्वच्छता की वर्तमान स्थिति, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा संग्रहण व्यवस्था, शौचालय उपयोगिता तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तार पर कहा कि ग्रामीण स्वच्छता केवल निर्माण कार्यों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी और व्यवहार परिवर्तन से संभव है। इसके लिए सरपंच, सचिव, स्व-सहायता समूहों तथा मितानिन बहनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि हर घर तक स्वच्छता का संदेश पहुंचे।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि चिन्हांकित ग्राम पंचायतों में स्वच्छाग्रहियों के माध्यम से चार अलग-अलग डिब्बों में कचरा पृथक संग्रहित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जा रहा है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत शौचालयों का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के साथ बढ़े हुए परिवारों का चिन्हांकन कर उन्हें शौचालय स्वीकृत किए जाएंगे, जिससे खुले में शौच मुक्त स्थिति को स्थायी रूप से बनाए रखा जा सके।
उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं बस स्टैंडों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई, रखरखाव और उपयोगिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों को सौंपी गई है।

जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं, दीवार लेखन, जनसंवाद एवं अन्य जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से व्यापक स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीणों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता विकसित करना है, ताकि कबीरधाम जिला स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सके।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button