छत्तीसगढ़

मेडिकल कॉलेज संचालन की तैयारियों का लिया जायजा, आईसीयू निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश

*जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण में पहुंचे कलेक्टर, मरीजों से लिया फीडबैक*

*मेडिकल कॉलेज संचालन की तैयारियों का लिया जायजा, आईसीयू निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश*

*अटल आरोग्य लैब में 134 प्रकार की जांचें निःशुल्क, कलेक्टर ने कहा – जरूरतमंद लोगों को मिले लाभ*

*कलेक्टर ने मानसून से पहले स्वास्थ्य विभाग को दिए समुचित तैयारी के निर्देश*

कवर्धा, जून 2026। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने आज जिला चिकित्सालय कवर्धा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) पंजीयन केंद्र, ओपीडी, जनरल वार्ड, पर्ची काउंटर, आईसीयू, पैथोलॉजी लैब सहित अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला अस्पताल परिसर स्थित अटल आरोग्य लैब का भी अवलोकन किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तूरे ने बताया कि वर्तमान में इस अत्याधुनिक लैब में 134 प्रकार की जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे जिले के नागरिकों को बड़ी राहत मिल रही है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इस सुविधा का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंचाया जाए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) पंजीयन केंद्र का निरीक्षण कर वहां पंजीयन कराने आए हितग्राहियों से चर्चा की और उनकी प्रतिक्रियाएं जानीं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आभा पंजीयन के मामले में कबीरधाम जिला प्रदेश के टॉप-10 जिलों में शामिल है।
आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में संभावित मौसमी बीमारियों, आपातकालीन परिस्थितियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही आवश्यक दवाओं, चिकित्सकीय उपकरणों एवं पर्याप्त मानव संसाधन की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तूरे ने बताया कि आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट के माध्यम से मरीजों को लंबी कतारों से राहत मिल रही है। इसके जरिए मरीजों को अपनी पुरानी जांच रिपोर्ट, पर्चे अथवा एक्स-रे साथ लेकर चलने की आवश्यकता नहीं होती, क्योंकि डॉक्टर एक क्लिक में उनका डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के पात्र हितग्राही आभा एवं आयुष्मान कार्ड के माध्यम से देश के सूचीबद्ध शासकीय एवं निजी अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार प्राप्त कर सकते हैं।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने कहा कि जिला अस्पताल कवर्धा ग्रामीण एवं सुदूर वनांचल क्षेत्रों के हजारों नागरिकों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल को और अधिक आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि जिलेवासियों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री चेतन साहू, सीएमएचओं डाॅ. डी.के. तुर्रे, सिविल सर्जन डाॅ. केशव धु्रव, डाॅ. हर्षित टुवानी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

*कलेक्टर ने मरीजों से लिया फीडबैक*

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने जिला अस्पताल में उपचाररत ग्राम सरोधा निवासी श्री कार्तिक राम झरिया से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया। श्री झरिया ने बताया कि सड़क दुर्घटना में उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जिसके बाद जिला अस्पताल में उन्हें बेहतर उपचार मिला और अब उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।
कलेक्टर ने सिकल सेल बीमारी के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने आए एक हितग्राही से भी चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका दिव्यांगता कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में मौजूद अन्य मरीजों एवं उनके परिजनों की समस्याएं भी सुनीं और मौके पर ही निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

*आईसीयू निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश*

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की तैयारियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मेडिकल कॉलेज टीम के भ्रमण से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से आईसीयू वार्ड सहित अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button