लखीमपुर। मई में 42 डिग्री पार कर चुके पारे की झुलसाती और रिकार्ड तोड़ गर्मी ने इंसानों के साथ साथ वन्यजीव को भी बेहाल कर दिया हैं।
बीते दिन दुधवा नेशनल पार्क में एक ऐसा दुर्लभ और दिल को छू लेने वाला नजारा सामने आया है, जिसमें गर्मी से परेशान एक बाघ का पूरा कुनबा तालाब में मस्ती करते दिखा। कुनबे में शामिल बाघ पानी मे गर्मी से बचने का प्रयास कर रहे थे जिसे देखकर सफारी पर निकले पर्यटक और वन्यजीव प्रेमी रोमांचित हो गए
पार्क के एक वाटर होल में एक साथ पांच बाघ पानी के अंदर ठंडी फुहारों का आनंद लेते और आपस में अठखेलियां करते कैमरे में कैद हुए हैं। इसमे कुछ बच्चे भी है।
आमतौर पर बाघ अकेले रहना पसंद करते हैं लेकिन इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे पूरा कुनबा भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए पानी का सहारा ले रहा है। वीडियो में बाघ एक दूसरे के साथ दोस्ताना अंदाज़ में पानी उछालते और मस्ती करते नजर आ रहे हैं।पानी के बीच उनकी यह अनोखी मस्ती इंटरनेट मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। मई के इस महीने में दुधवा घूमने आए सैलानियों के लिए यह किसी आश्चर्य से कम नही था। सफारी के दौरान जब जिप्सियां इस वाटर होल के पास से गुजरीं तो सामने का नजारा देख लोग मंत्रमुग्ध हो गए।
आम तौर पर जंगल में एक बाघ का दिखना ही बड़ी बात होती है ऐसे में एक साथ कई बाघों को इतने करीब से पानी में खेलते देखना पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव बन गया है।
मई महीने में तापमान 42 डिग्री के पार जा चुका है, ऐसे में तो बाघ अपने शरीर को ठंडा रखने के लिए घंटों पानी में रहना पसंद हैं। दुधवा टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या में बृद्धि हुई है जिससे बाघ सामान्य तौर पर दिखने लगे हैं। इस तरह का वीडियो उसी की कड़ी है।





