वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस के आगे आने से ट्रेन मैनेजर पंकज श्रीवास्तव घायल हो गए। घटना बुधवार आधी रात के बाद उस समय हुई जब डिब्रू्गढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर खड़ी हो रही थी। घटना में ट्रेन मैनेजर का हाथ कट गया। एंबुलेंस से उन्हें बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।ट्रेन नंबर 20503 डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के कैंट स्टेशन पर आने का समय आधी रात बाद 1.30 बजे है और 10 मिनट ठहराव के बाद यह ट्रेन नई दिल्ली के लिए रवाना होती है। 2.17 बजे ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पहले से 47 मिनट देरी से आई। आगे लेकर जाने वाले ट्रेन मैनेजर पंकज श्रीवास्तव भी वहां पहुंच गए थे।
ट्रेन सामने से आ रही थी और प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर खड़ी होने वाली थी कि ट्रेन मैनेजर अचानक दाहिने तरफ से पटरी पर आ गए। यह देख ट्रेन के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को खड़ी कर दिया। जब तक ट्रेन रुकती तब तक ट्रेन मैनेजर टकराकर पटरी पर गिर गए। कुछ ही देर में आरपीएफ, जीआरपी स्टाफ भी आ गए।





