छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने पचराही में निर्माणाधीन गौधाम का किया निरीक्षण, परखी गुणवत्ता

*निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूरा करें– कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा*

*कलेक्टर ने पचराही में निर्माणाधीन गौधाम का किया निरीक्षण, परखी गुणवत्ता*

*ग्राम पचराही में लगभग 10 एकड़ में बन रहा गौ प्रशिक्षण केंद्र सह गौधाम*

कवर्धा, अप्रैल 2026। जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र बोड़ला विकासखंड के ग्राम पचराही में पशु संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तहत गौ प्रशिक्षण केंद्र सह गौधाम का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। लगभग 10 एकड़ में विकसित हो रहा यह प्रोजेक्ट न केवल निराश्रित गौवंश के संरक्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर भी तैयार करेगा। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न संरचनाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।

इस गौधाम में आधुनिक सुविधाओं के साथ पशुओं के लिए शेड, उपचार कक्ष, प्रशिक्षण भवन सहित विभिन्न आवश्यक अधोसंरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन शेड, मेडिसिन कक्ष और प्रशिक्षण भवन का बारीकी से जायजा लिया तथा कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। कलेक्टर श्री वर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित इंजीनियरों को नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्यस्थल पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि समय-सीमा में कार्य पूर्ण हो सके।

इस गौधाम में निराश्रित एवं परित्यक्त गौवंश का संरक्षण एवं संवर्धन किया जाएगा। साथ ही यहां स्थापित गौ प्रशिक्षण केंद्र में गोबर, गोमूत्र एवं अन्य गौ-उत्पादों से विभिन्न उपयोगी वस्तुएं बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे स्थानीय ग्रामीणों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।
गौरतलब है कि गौधाम परिसर में पशु शेड (चार भागों में), बीमार पशुओं के लिए अलग शेड, बछड़ों के लिए विशेष शेड, प्रशिक्षण शेड, मेडिसिन कक्ष, चौकीदार आवास, चेन लिंक फेंसिंग, ट्यूबवेल एवं विद्युतीकरण जैसे विभिन्न निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। यह परियोजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में पशुपालन और गौ-आधारित आजीविका को नई दिशा देगी। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर श्री आर बी देवांगन, अधीक्षक भू अभिलेख श्री गजेंद्र साहू, तहसीलदार श्री हुलेश्वर पटेल, जनपद सीईओ बोड़ला श्री आकाश राजपूत, सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button