दुर्ग। पुलिस द्वारा आम जनता की सुविधा एवं त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 1930 (साइबर पोर्टल) एवं 1933 (मानस पोर्टल) को पुनः प्रचारित किया गया है। हेल्पलाइन नंबर 1930 के माध्यम से नागरिक साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी एवं वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत तत्काल दर्ज करा सकते हैं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्यवाही संभव हो सके। वहीं हेल्पलाइन नंबर 1933 के माध्यम से नशीले पदार्थों के अवैध विक्रय एवं तस्करी से संबंधित जानकारी पुलिस तक पहुंचाई जा सकती है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जिले के सभी सार्वजनिक स्थलों जैसे स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर इन हेल्पलाइन नंबरों के स्टीकर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, जिससे अधिक से अधिक नागरिक इन सेवाओं का लाभ उठा सकें। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, साइबर अपराध या नशीले पदार्थों से संबंधित जानकारी तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं 1933 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। आपकी सजगता से अपराधों की रोकथाम संभव है।
The post साइबर फ्रॉड से लेकर नशा बेचने वालों की करें शिकायत, दुर्ग पुलिस की यह है अपील appeared first on ShreeKanchanpath.





