भिलाई। छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल, रायपुर द्वारा भिलाई (जिला दुर्ग) में 27 एवं 28 फरवरी 2026 को दो दिवसीय प्रथम अखिल भारतीय डाक पैरा खेल प्रतियोगिता 2025–26 का आयोजन किया जा रहा है। यह राष्ट्रीय स्तर का आयोजन The Empyrean Hotel & Resort, दुर्ग बायपास (एन.एच.-6) मारुति सुजुकी एरीना के समीप आयोजित होगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ 27 फरवरी 2026 को प्रातः 9:00 बजे दीप प्रज्वलन के साथ होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. संजय तिवारी, कुलपति हेमचंद यादव विश्वविद्यालय होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य आयोजक श्री अजय सिंह चौहान, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल द्वारा की जाएगी। विशेष अतिथि के रूप में गौकरण पाटिल (गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड – पेंटिंग, भिलाई) तथा श्री दिनेश कुमार मिस्त्री, निदेशक डाक सेवाएँ, छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन अवसर पर सरस्वती वंदना, मार्च-पास्ट तथा खेल शपथ के साथ प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। प्रतिभागी खिलाड़ी अनुशासन एवं उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उसी दिन सायं 6:30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा।
समापन समारोह 28 फरवरी 2026 को सायं 6:00 बजे आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि प्रो. राजीव प्रकाश, निदेशक भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान भिलाई होंगे। इस अवसर पर विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 14 डाक परिमंडलों से लगभग 150 विभागीय खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में कैरम, शतरंज, बैडमिंटन तथा टेबल टेनिस स्पर्धाएँ आयोजित की जाएंगी।
डाक विभाग ने नागरिकों, विद्यार्थियों एवं खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करें तथा खेल भावना को प्रोत्साहित करें। यह आयोजन युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना तथा स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों ने नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने का अनुरोध किया है।
The post भिलाई में 27–28 फरवरी को प्रथम अखिल भारतीय डाक पैरा खेल प्रतियोगिता, देशभर के 150 खिलाड़ी लेंगे भाग appeared first on ShreeKanchanpath.




