बिहार के बांका जिले के रजौन प्रखंड में शिक्षा के प्रति जागरूकता और बेटियों के हौसले की प्रेरक मिसाल सोमवार को देखने को मिली है। यहां एक युवती अपनी शादी की अगली सुबह ही दसवीं बोर्ड की परीक्षा देने पहुंच गई। एक नवविवाहिता दुल्हन सीधे शादी की रस्मों के बाद प्लस टू प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, धौनी चकसफिया स्थित मैट्रिक परीक्षा केंद्र पर अंग्रेजी विषय की परीक्षा देने पहुंच गई। ऐसे में दुल्हन को देखने के लिए परीक्षा केंद्र पर लोगों की भीड़ जुट गई।
हाथों में मेहंदी, लाल जोड़ा, माथे पर सिंदूर और गहनों से सजी दुल्हन जब परीक्षा केंद्र पहुंची तो वहां मौजूद छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच कौतूहल का माहौल बन गया। दुल्हन बनी छात्रा ब्यूटी कुमारी संकोच के साथ परीक्षा कक्ष में प्रवेश कर गई, जबकि दूल्हा बाहर गाड़ी में इंतजार करता रहा। कुछ देर के लिए केंद्र परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोगों ने इस दृश्य को मोबाइल में कैद किया।
शादी नहीं बनी पढ़ाई में बाधा
सामने आई जानकारी के अनुसार, अमरपुर प्रखंड के इटहरी गांव की रहने वाली ब्यूटी कुमारी की शादी मंझोनी गांव निवासी संजीत कुमार यादव से 22 फरवरी को संपन्न हुई थी। पूरी रात शादी की रस्में चलती रहीं। वहीं, 23 फरवरी की सुबह पहली पाली में अंग्रेजी की परीक्षा थी। बावजूद इसके ब्यूटी ने तय किया कि शादी उसकी पढ़ाई में बाधा नहीं बनेगी और वह परीक्षा देने पहुंची।
पति ने किया पत्नी के फैसले का समर्थन
परीक्षा के बाद ब्यूटी कुमारी ने बताया कि वह अपना एक साल बर्बाद नहीं करना चाहती थी। पति संजीत कुमार यादव ने भी पत्नी के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि वे उसकी पढ़ाई में हर संभव सहयोग देंगे। परीक्षा केंद्र के अधीक्षक मनोज कुमार पंडित ने इसे शिक्षा के प्रति समर्पण की प्रेरक मिसाल बताया। यह घटना समाज को संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और परिवार के सहयोग से बेटियां हर परिस्थिति में अपने सपनों को पूरा कर सकती हैं





