मुंबई. राजपाल यादव अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर हैं. हाल में अपनी भतीजी की शादी में पहुंचे. इस मौके पर वे भावुक हो गए और अपनी लीगल परेशानियों के दौरान पत्नी राधा यादव के अटूट साथ के लिए उनका आभार जताया. शाहजहांपुर में हुई भतीजी की शादी में शामिल हुए राजपाल यादव के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. इनमें से एक वीडियो में वह पत्नी राधा का आभार जताते हुए नजर आए. उन्होंने बताया कि राधा ने उनका हर मुश्किल हालात में साथ दिया.राजपाल यादव ने पत्नी राधा यादव के बारे में कहा, “अगर मैं कई बार भी जन्म लूं, तो भी उनका कर्ज नहीं चुका सकता. उन्होंने पूरे परिवार को जोड़े रखा और हर मुश्किल में मेरा साथ दिया.” वहीं. चेक बाउंस मामले में कहा,“मामला अभी कोर्ट में है, इसलिए ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा. जल्द ही मैं अपनी लीगल टीम के साथ सारे सबूत और तथ्य मीडिया के सामने रखूंगा.”बता दें, साल 2010 में राजपाल यादव ने अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए दिल्ली की मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली और कर्ज नहीं चुका पाए. कोर्ट रिकॉर्ड के मुताबिक, बाद में दिए गए सात चेक बाउंस हो गए.
राजपाल यादव ने पैसे नहीं होने की बात कही
दिल्ली हाईकोर्ट ने फरवरी की शुरुआत में कोर्ट में उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया, क्योंकि कई बार वादा करने के बावजूद रकम नहीं चुकाई गई. राजपाल ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया. राजपाल ने सरेंडर करने से पहले बॉलीवुड हंगामा से बात की और भावुक होकर कहा, “सर, क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं. और कोई उपाय नहीं दिखता.उन्होंने जेल में सबसे मुश्किल समय के बारे में भी बात की. राजपाल ने कहा, “सबसे मुश्किल था परिवार से दूर रहना. इसके अलावा मैंने जेल की दिनचर्या को स्वीकार कर लिया था. मैं सुबह जल्दी उठता था, सांस की एक्सरसाइज करता था और मानसिक संतुलन बनाए रखने की कोशिश करता था.”





