*श्री रामलला दर्शन योजना से साकार हुआ दंपती का वर्षों पुराना सपना*
*शासन की पहल से जिले के श्रद्धालु पहुंचे अयोध्या धाम, किए प्रभु श्री राम के दर्शन*
कवर्धा, जनवरी 2026। श्रद्धा, विश्वास और आस्था जब शासन की संवेदनशील पहल से जुड़ती है, तो सपने साकार हो जाते हैं। छत्तीसगढ़ शासन की श्री राम लला दर्शन योजना ने कबीरधाम जिले के एक साधारण दंपती को वह सौभाग्य प्रदान किया, जिसकी वे वर्षों से कामना कर रहे थे। ग्राम बबई निवासी श्री डोमन साहू और उनकी पत्नी श्रीमती पार्वती साहू के लिए अयोध्या धाम जाकर प्रभु श्री राम के दर्शन करना अब केवल सपना नहीं, बल्कि जीवन भर संजोने वाली एक पावन स्मृति बन गया।
श्री डोमन साहू ने बताया कि प्रभु श्री राम के दर्शन की इच्छा उनके मन में लंबे समय से थी, लेकिन आर्थिक और पारिवारिक कारणों से अयोध्या जाना संभव नहीं हो पा रहा था। जब उन्हें श्री राम लला दर्शन योजना की जानकारी मिली, तो उन्होंने जनपद कार्यालय में स्वयं और अपनी पत्नी के लिए आवेदन किया। चयन की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में खुशी का माहौल बन गया।
इस बार कबीरधाम जिले से कुल 71 श्रद्धालु इस पावन यात्रा पर रवाना हुए, जिनमें वे दोनों भी शामिल थे। यात्रा के अनुभव साझा करते हुए दंपती ने बताया कि शासन द्वारा यात्रा की शुरुआत से लेकर वापसी तक हर छोटी-बड़ी सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। कवर्धा से दुर्ग रेलवे स्टेशन तक निःशुल्क बस सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके बाद विशेष ट्रेन से श्रद्धालुओं को काशी एवं अयोध्या धाम ले जाया गया। यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए समय पर नाश्ता, भोजन, चाय तथा स्वास्थ्य सुविधा हेतु डॉक्टरों की टीम की भी व्यवस्था रही। भजन-कीर्तन के पावन वातावरण में यात्रा अत्यंत सुखद और आनंदमय रही।
श्रीमती पार्वती साहू ने बताया कि सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन किए गए। बनारस में रात्रि विश्राम के बाद विशेष ट्रेन से अयोध्या धाम पहुंचे। वहां प्रभु श्री राम के दर्शन कर मन को अपार शांति और आत्मिक संतोष की अनुभूति हुई। दर्शन स्थलों तक आने-जाने के लिए निःशुल्क ऑटो सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे पूरी यात्रा सहज, सुरक्षित और यादगार बन गई।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन और मोदी की गारंटी के तहत प्रदेश में विकास के साथ-साथ धार्मिक आस्था को भी सशक्त किया जा रहा है। श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक कबीरधाम जिले के हजारों श्रद्धालु प्रभु श्री राम के दर्शन कर अपने जीवन को धन्य कर चुके हैं। यह योजना जनसामान्य के लिए आस्था, सुविधा और सम्मान का प्रतीक बनकर सामने आई है।





