देश दुनिया

आधी रात नगरदा खरीदी केंद्र पहुंचे सीईओ, धान के साथ दस्तावेज जांचे

जिला पंचायत सीईओ व धान खरीदी नोडल अधिकारी वासु जैन के नेतृत्व में जिला स्तरीय जांच टीम ने 20 और 21 जनवरी की मध्यरात्रि धान खरीदी केंद्र नगरदा का औचक निरीक्षण किया। जांच टीम ने केंद्र में धान खरीदी से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की जांच की।

इसमें धान के बोरों की सिलाई और स्टेकिंग, खरीदे गए धान की मात्रा और गुणवत्ता, केंद्र में कार्यरत हमालों की संख्या, प्रतिदिन किसानों को जारी किए जा रहे टोकन, खरीदी से संबंधित रजिस्टर और रिपोर्ट की जांच शामिल थी। टीम ने सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और उनके संचालन की भी समीक्षा की। मौके पर ही यह सुनिश्चित किया गया कि धान खरीदी का पूरा कार्य शासन के दिशा-निर्देशों और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप हो। खरीदी प्रभारी को सख्त निर्देश दिए गए कि धान की खरीदी निर्धारित वजन में की जाए और किसी तरह की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रतिदिन खरीदे गए धान की स्टेकिंग शाम तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने, बोरों की समय पर सिलाई, किसानों के रकबा समर्पण की प्रक्रिया समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर तोपनो ने चेताया कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि धान खरीदी में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी, लापरवाही या अवैध गतिविधि सामने आने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में धान खरीदी कार्य पर 24 घंटे सख्त निगरानी रखी जा रही है और इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी इसी तरह जारी रहेंगे, ताकि प्रत्येक पात्र किसान से एक-एक दाना धान खरीदा जा सके।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button