भिलाई। नवरात्रि शुरु होने के बाद मां बमलेश्वरी के दर्शन के लिए पदयात्रा पर निकली भिलाई की एक युवती हिट एंड रन का शिकार हो गई। घटना मंगलवार सुबह की है। युवती अपनी बहन व अन्य साथियों के साथ पदयात्रा कर रही थी। सोमनी के पास तेज रफ्तार थार चालक ने लापरवाही पूर्वक चलाते हुए उसे चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल युवती को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल लाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मामला राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार कैलाश नगर हाउसिंग बोर्ड भिलाई निवासी 21 वर्षीय युवती महिमा साहू बहन याचिका साहू व अन्य पांच साथियों के साथ डोंगरगढ़ जाने सोमवार की रात को पदयात्रा पर निकले थे। रात भर चलने के बाद सुबह 8 बजे के करीब सोमनी पहुंचे। इस दौरान इनका जत्था सड़क किनारे पदयात्रियों के लिए बनाए गए लाइन पर चल रहे थे। इस बीच पीछे से लापरवाही पूर्वक व तेज रफ्तार थार ने महिला साहू को अपनी चपेट में ले लिया।
थार की ठोकर से महिमा गंभीर रूप से घायल हो गई। साथ में चल रही उसकी बहन याचिका ने मदद के लिए गुहार लगाई। इस दौरान एक कार चालक रुका और घायल महिमा को नजदीकी अस्पताल ले गया। वहां से लौटाने पर घायल को बीएसपी के सेक्टर-9 अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद महिमा के घर पर मातम का माहौल है। वहीं इस मामले में राजनांदगांव के सोमनी थाना पुलिस जांच कर रही है। थार चालक की तलाश की जा रही है।

The post Breaking News : पदयात्रा पर निकली युवती हिट एंड रन का शिकार, तेज रफ्तार थार चालक ने रौंदा, मौत appeared first on ShreeKanchanpath.