Blog

“मोर आवास, मोर अभिमान” अभियान से साकार हो रहा सपना, महिला समूह दे रहे सक्रिय योगदान

सरगुजा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत संचालित “मोर आवास, मोर अभिमान” अभियान सरगुजा जिले में ग्रामीण परिवारों के सपनों को साकार कर रहा है। इस अभियान ने न केवल आवास निर्माण में नई मिसाल कायम की है, बल्कि महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन का मार्ग भी प्रशस्त किया है।
अब तक जिले में 31,861 सामान्य आवास और 2,565 जनमन आवास (विशेष पिछड़ी जनजाति हितग्राहियों हेतु) स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 10,704 सामान्य आवास और 775 जनमन आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 19,476 सामान्य आवास और 1,660 जनमन आवास निर्माणाधीन हैं।

योजना के क्रियान्वयन में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। अब तक 4,332 समूह सदस्य महिलाओं ने अपने आवास निर्माण हेतु लगभग 5.35 करोड़ रुपये का ऋण लिया है। समूहों ने आवास निर्माण कार्य के साथ-साथ आय सृजन की दिशा में भी पहल की है। जिले के 397 ग्राम पंचायतों में सेंट्रिंग प्लेट कार्य, 18 ग्राम पंचायतों में जनमन आवास हेतु सेंट्रिंग प्लेट कार्य, 9 सदस्याओं द्वारा मिक्सर मशीन संचालन तथा 6 सदस्याओं द्वारा सीमेंट और गिट्टी की आपूर्ति की गई है। इन गतिविधियों से 470 महिलाएं ‘लखपति दीदी क्लब’ की सदस्य बनी हैं।

CEC

इस अभियान के तहत महिला समूहों ने आवास निर्माण को आत्मनिर्भरता और गौरव का प्रतीक बना दिया है। विकासखण्ड अम्बिकापुर की ग्राम पंचायत किशुननगर निवासी श्रीमती आशा रवि ने अपने समूह से ऋण प्राप्त कर टाइल्स युक्त आधुनिक घर का निर्माण किया, जिससे उनका सपना साकार हुआ। इसी प्रकार अनेक महिलाओं ने योजनाओं का लाभ उठाकर सुविधायुक्त आवास तैयार किए हैं।

Untitled design

यह अभियान जिला प्रशासन के सतत मार्गदर्शन और मॉनिटरिंग का परिणाम है। कलेक्टर विलास भोसकर और जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में सूक्ष्म स्तर पर प्लानिंग कर आवास निर्माण से जुड़ी आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित की गई है। “मोर आवास, मोर अभिमान” अभियान ने सरगुजा जिले में ग्रामीण आवास निर्माण को नई पहचान देने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण और आर्थिक विकास की सशक्त कहानी लिखी है।

The post “मोर आवास, मोर अभिमान” अभियान से साकार हो रहा सपना, महिला समूह दे रहे सक्रिय योगदान appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button