बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एमबीबीएस डॉक्टर ने खुदकुशी कर ली। एक साल पहले एमबीबीएस पूरा करने वाली डॉक्टर स्वास्थ्य केन्द्र में इंटर्नशिप कर रही थी और सिम्स कि हॉस्टल में ही उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। डॉक्टर का नाम भानू प्रिया सिंह बताया जा रहा है। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार भानू प्रिया ने 2018 से 2023 के बीच एमबीबीएस की पढ़ाई की। वर्तमान में वह अंबिकापुर जिले के सुखरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इंटर्नशिप कर रही थी। शनिवार को भानू प्रिया बिलासपुर अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आई। इसके बाद वह सिम्स के गर्ल्स हॉस्टल में सहेली साथ रुकी थी। बताया जा रहा है कि रविवार को उसकी सहेली बाहर गई हुई थी और इस दौरान दोपहर बारह बजे उसने अपनी सहेली के कमरे में फांसी लगा ली।
दोपहर बाद हॉस्टल में रहने वाली दूसरी छात्राओं ने भानू को फंदे पर झूलते देखा तो उसे उतार कर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद परिजनों को सूचना दी है और जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस की टीम हॉस्टल में पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस को डॉक्टर भानु प्रिया के सुसाइड करने का कारण पता नहीं चल पाया है।
The post छत्तीसगढ़ में डॉक्टर ने की खुदकुशी, हॉस्टल के कमरे में फांसी पर झूली… जांच में जुटी पुलिस appeared first on ShreeKanchanpath.