Blog

अवैध खनिज परिवहन पर सख्ती, जीपीएम जिले में रेत और मुरुम से भरे 9 ट्रैक्टर जब्त

खनिज संपदा के संरक्षण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन सतर्क, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के निर्देश

जीपीएम। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। विष्णु के सुशासन की अवधारणा के अनुरूप जिले में खनिज संपदा के संरक्षण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देशानुसार जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए रेत एवं मुरुम के अवैध परिवहन में संलिप्त पाए गए 9 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों को संबंधित पुलिस थाना, चौकी एवं नगर सैनिक लाइन में सुरक्षार्थ रखा गया है। सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध खनिज अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अवैध खनिज परिवहन की रोकथाम के लिए उड़नदस्ता दल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जांच एवं कार्रवाई की गई। इस दौरान मरवाही क्षेत्र के चीचगोहना, मड़वाही, कुम्हारी एवं मरिहीघाट में अवैध परिवहन करते पाए गए रेत से भरे 5 तथा मुरुम से भरे एक ट्रैक्टर सहित कुल 6 वाहनों को जब्त किया गया। इन सभी वाहनों को सुरक्षार्थ थाना मरवाही में रखा गया है। इसी प्रकार अमेराटिकरा एवं मौहारिटिकरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक-एक ट्रैक्टर वाहन जब्त किया गया, जिन्हें पुलिस चौकी कोटमी में सुरक्षार्थ रखा गया है। इसके अतिरिक्त खंता-लालपुर क्षेत्र से रेत से भरे एक ट्रैक्टर वाहन को जब्त कर नगर सैनिक लाइन में सुरक्षार्थ रखा गया है। इस प्रकार विभिन्न स्थानों पर की गई कार्रवाई में कुल 9 ट्रैक्टर वाहन जब्त किए गए हैं।

अवैध परिवहन में संलिप्त वाहन मालिकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई

खनिज विभाग द्वारा जब्त सभी वाहनों के मालिकों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभागीय जानकारी के अनुसार संबंधित वाहन मालिकों द्वारा नियमानुसार निर्धारित अर्थदंड अथवा समझौता राशि संबंधित खनिज मद में जमा कराए जाने तथा आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत ही वाहनों को मुक्त किया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए जांच एवं निगरानी का क्रम निरंतर जारी रहेगा।

खनिज संपदा के संरक्षण के लिए सतत निगरानी के निर्देश

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने खनिज विभाग के अधिकारियों को जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि खनिज नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच की जाए तथा नियमों के उल्लंघन के मामलों में प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अवैध खनिज परिवहन से संबंधित मामलों में आवश्यक जांच और कार्रवाई समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए। उन्होंने खनिज संपदा के संरक्षण के साथ ही शासन के निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण और गुणवत्तापूर्ण निराकरण

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेने और उनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण से संबंधित शिकायतों की तथ्यात्मक जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। शिकायतों के निराकरण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिला प्रशासन खनिज संपदा के संरक्षण, नियमों के प्रभावी पालन और अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए निरंतर प्रयासरत है। जिले में खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा जांच एवं कार्रवाई का सिलसिला जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

The post अवैध खनिज परिवहन पर सख्ती, जीपीएम जिले में रेत और मुरुम से भरे 9 ट्रैक्टर जब्त appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button